नागौर

एसआई भर्ती परीक्षा- 2025: परीक्षा के दिन साइबर कैफे व ई-मित्र केंद्र रहेंगे बंद

5 व 6 अप्रेल को नागौर में रहेगा परीक्षार्थियों का मेला, तैयारियां को लेकर एडीएम चम्पालाल जीनगर ने ली बैठक, लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त

2 min read
Apr 03, 2026
SI exam meeting

नागौर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर भर्ती परीक्षा-2025 के सफल व पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन सतर्कता बरत रहा है। इस संबंध में गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में अतिरिक्त जिला कलक्टर चम्पालाल जीनगर की उपस्थिति में सुचारू परीक्षा व्यवस्था के लले उप समन्वयक, केंद्राधीक्षक, अतिरिक्त केंद्राधीक्षक व पर्यवेक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया ।

बैठक में एडीएम जीनगर ने बताया कि 5 और 6 अप्रेल को नागौर जिला मुख्यालय के 18 परीक्षा केंद्रों पर चार पारियों में परीक्षा होगी। प्रत्येक पारी में 5448 परीक्षार्थी शामिल होंगे। जिलेभर के करीब 7 हजार अभ्यर्थी परीक्षा देने अजमेर जाएंगे, जबकि प्रदेश स्तर पर करीब 7.70 लाख अभ्यर्थी इस परीक्षा में भाग्य आजमाएंगे।

परीक्षा को पारदर्शी बनाने के लिए सरकार ने ‘जीरोटॉलरेंस’ नीति अपनाई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे और सभी गतिविधियों की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी। वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में उड़न दस्ते लगातार औचक निरीक्षण करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि परीक्षा संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। अभ्यर्थियों से निर्धारित समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ परीक्षा केंद्र पहुंचने का आग्रह किया।

100 मीटर के दायरे में नहीं खुलेंगे साइबर कैफे

एडीएम ने निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में आने वाले सभी साइबर कैफे और ई-मित्र केंद्र पूरी तरह बंद रहेंगे। डमी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने के लिए इस बार बहु-स्तरीय पहचान प्रणाली लागू की गई है। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र क्यूआर कोड युक्त होंगे तथा केंद्र पर बायोमेट्रिक सत्यापन और फोटो मिलान किया जाएगा।

ड्रेस कोड का पालन अनिवार्य

परीक्षार्थियों को निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य है। अभ्यर्थी केवल आधी आस्तीन की शर्ट, पतलून तथा महिला अभ्यर्थी साड़ी में प्रवेश पा सकेंगे। साथ ही नीले पेन, मूल फोटोयुक्त पहचान पत्र और रंगीन फोटो साथ लाना जरूरी होगा। किसी भी प्रकार के आभूषण या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जैसे ब्लूटूथ, स्मार्ट वॉच प्रतिबंधित रहेंगे। प्रश्न पत्रों को हाई-सिक्योरिटी स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा।

Updated on:
03 Apr 2026 12:32 pm
Published on:
03 Apr 2026 12:31 pm
Also Read
View All

अगली खबर