नागौर

श्रीबालाजी पुलिस ने दो भाइयों को 40 ग्राम एमडीएमए के साथ किया गिरफ्तार

ऑपरेशन संकल्प के तहत बड़ी कार्रवाई: परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी जब्त
2 min read
Mar 30, 2026
Shreebalaji thana
Shreebalaji thana

नागौर. जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन संकल्प – नशा मुक्त नागौर’ अभियान के तहत पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक रोशन मीना के निर्देशन में लगातार चल रही कार्रवाई के तहत थाना श्रीबालाजी एवं डीएसटी नागौर की संयुक्त टीम ने रविवार शाम को 40 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए बरामद कर दो तस्कर भाइयों को गिरफ्तार किया। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त की है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशाराम चौधरी एवं सहायक पुलिस अधीक्षक जतिन जैन के सुपरविजन में थानाधिकारी ओमप्रकाश गोरा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार 29 मार्च को टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि श्यामसर से झोरड़ा रोड पर दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ लेकर घूम रहे हैं।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 40 ग्राम एमडीएमए बरामद किया गया। साथ ही मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नंदकिशोर (38) एवं प्रेमाराम (46) पुत्र पन्नाराम, निवासी श्यामसर के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत थाना श्रीबालाजी में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी गोरा के साथ सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल नैनाराम, कांस्टेबल जगदीश, उर्जाराम एवं भोजराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आरोपी गिरफ्तार, चुराई गई दो मोटरसाइकिल बरामद

गोटन. मोटरसाइकिल चोरी के आरोपी को गिरफ्तार कर पुलिस ने उसकी निशादेही पर चुराई दो बाइक को बरामद की है। थानाधिकारी सुरेश चौधरी ने बताया कि पुलिस थाना गोटन ने वाहन चोरी की रोकथाम एवं वारदातो पर अकुश लगाने के लिए थाना स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया है। इस टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों को चैक किया। मुखबीर की सूचना पर 27 मार्च को रेण निवासी आरोपी बुदाराम पुत्र जगदीश बावरी को हरसोलाव से इस मामले में गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी बुदाराम ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक मोटरसाइकिल गोटन रेलवे स्टेशन से व दूसरी शिवरोडगोटन से चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों मोटरसाइकिल बरामद की।

दस साल से फरार आरोपी गिरफ्तार

मेड़तारोड. जीआरपी ने दस साल से फरार स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी श्रवणलाल चौधरी ने बताया कि ट्रेनों में जहरखुरानी कर चोरी करने का आरोपी मोहम्मद उमर दस साल से फरार चल रहा था। न्यायालय से स्थाई वांरट जारी होने पर हैडकांस्टेबल शैलेन्द्रसिंह, संजय, जगराम की टीम ने आरोपी पश्चिम बंगाल के कुचबिहार जिले के सोलमारी निवासी मोहम्मद उमर को गिरफ्तार किया ।

Updated on:
30 Mar 2026 08:35 pm
Published on:
30 Mar 2026 08:35 pm