नागौर

नागौर जिले में दो सालों में हुई 12 चोरियों का माल बरामद, परिवादी बोले – धन्यवाद नागौर पुलिस

नागौर पुलिस की बड़ी सफलता : पुलिस ने 1.79 करोड़ रुपए का माल बरामद किया, 964 ग्राम सोना व 11.5 किलो चांदी के जेवरात मिले; पालड़ी पिचकिया और जिन्दास की बड़ी वारदातें भी खुली, ट्रेलर गिरोह ने नागौर में मचाई थी धूम, 12 नकबजनी का खुलासा
2 min read
Sep 07, 2026
पुलिस अधिकारियों के साथ परिवादी
पुलिस अधिकारियों के साथ परिवादी

नागौर. जिले में रात के समय घरों के ताले तोड़कर नकबजनी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चित्तौड़गढ़ के ट्रेलर गिरोह का नागौर पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए बड़ी बरामदगी की है। खींवसर थानाधिकारी सुरेश कुमार बिजारणिया व उनकी टीम ने गिरोह के सात आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर नागौर जिले के अलग-अलग थानों में पिछले करीब दो सालों में हुई 12 चोरी व नकबजनी की वारदातों से जुड़ा करीब 1.79 करोड़ रुपए का माल-मशरूका बरामद किया है। इसमें करीब 964 ग्राम सोने और 11.5 किलो चांदी के आभूषण तथा दो लाख रुपए नकद शामिल हैं।

नागौर के कार्यवाहक एसपी आशाराम चौधरी ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि यह नागौर पुलिस के इतिहास की अब तक की बड़ी बरामदगियों में से एक है। पुलिस की इस कार्रवाई पर सोमवार को सभी परिवादी एवं उनके परिजन नागौर एसपी कार्यालय पहुंचे तथा एसपी सहित अन्य पुलिस अधिकारियों को आभार जताया। परिजनों ने बताया कि चोरी की घटनाओं को लम्बा समय होने से वे निराश हो चुके थे, लेकिन अब जब पुलिस ने उन्हें बताया कि उनका लगभग माल बरामद कर लिया है तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा।

400 सीसीटीवी और 18 टोल प्लाजा खंगाले

एसपी आशाराम चौधरी के निर्देशन और नागौर वृत्ताधिकारी जतिन जैन के सुपरविजन में खींवसर थानाधिकारी सुरेश कुमार बिजारणियां के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने करीब 400 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और 18 टोल प्लाजा की फुटेज खंगाली। इसके बाद गिरोह को चिह्नित कर 14 अगस्त को जहाजपुर, भीलवाड़ा में दबिश दी गई। पुलिस ने ट्रेलर सहित गिरोह के पांच सदस्यों को पकड़ा था। बाद में चोरी का माल खरीदने वाले दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया।

खींवसर पुलिस ने बरामद किया चोरी किया गया माल

पालड़ी पिचकिया में 45 और जिन्दास में 54 लाख के जेवर

जांच में सामने आया कि गिरोह ने नागौर जिले में कई बड़ी वारदातों को अंजाम दिया था। मूण्डवा थाना क्षेत्र के पालड़ी पिचकिया, रावों की ढाणी में करीब 45 लाख रुपए तथा सदर थाना क्षेत्र के जिन्दास-भदाणा में करीब 54 लाख रुपए के जेवरात चोरी किए गए थे। इन वारदातों से संबंधित माल भी पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक पूर्व में दो प्रकरणों में करीब 19 लाख रुपए के जेवरात व नकदी बरामद की जा चुकी थी। अब हुई बरामदगी को मिलाकर आरोपियों से नागौर जिले की 12 वारदातों का खुलासा हुआ है।

इन थाना क्षेत्रों की वारदातें खुलीं

पुलिस ने खींवसर थाना क्षेत्र के बिरलोका, पांचला सिद्धा, खींवसर कस्बा और भाकरोद के अलावा मूण्डवा थाना क्षेत्र के मिर्जास, पालड़ी पिचकिया व रामसिया तथा सदर नागौर थाना क्षेत्र के जिन्दास-भदाणा और कृष्णपुरा-बालवा में हुई चोरी व नकबजनी की वारदातों से संबंधित माल बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चित्तौड़गढ़ जिले के शैतान पुत्र पीवलाल कंजर, राजेन्द्र पुत्र रामचंद्र कंजर, राजू पुत्र रूपलाल कंजर, रतनलाल पुत्र श्रीलाल कंजर व नानू पुत्र प्रहलाद कंजर तथा चोरी का माल खरीदने वाले भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ निवासी बसंत कुमार पुत्र बंशीलाल सोनी व ओमप्रकाश पुत्र श्रीकिशन सोनी शामिल हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़ी अन्य वारदातों और साथियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

Updated on:
07 Sept 2026 07:29 pm
Published on:
07 Sept 2026 07:29 pm