पत्रिका के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूर चन्द्र कुलिश जन्मशती पर्व के तहत श्रमदान कार्यक्रम, डेढ़ साल पहले पत्रिका की ओर से लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई कर शहरवासियों ने लिया पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
नागौर. शहर के रामदेव पशु मेला मैदान में शहरवासियों के सहयोग से करीब डेढ़ साल पहले राजस्थान पत्रिका की ओर से लगाए गए पौधों की निराई-गुड़ाई एवं सार-संभाल के लिए रविवार को श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
पत्रिका के संस्थापक श्रद्धेय कर्पूरचंद कुलिश जन्मशती पर्व के तहत आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में 100 से अधिक युवाओं एवं पर्यावरण प्रेमियों ने करीब दो घंटे तक श्रमदान कर पसीना बहाया। श्रम की बूंदों से पौधे खिल उठे।
200 से अधिक छायादार व फलदार पौधे
गौरतलब है कि 29 अगस्त 2024 को राजस्थान पत्रिका, नागौर संस्करण के स्थापना दिवस पर पशु मेला मैदान में विभिन्न प्रजाति के 200 से अधिक छायादार व फलदार पौधे लगाए गए थे। इनकी नियमित देखभाल व पानी देने से पौधों की अच्छी ग्रोथ है और पेड़ बनने की ओर अग्रसर है।
पिछले कुछ महीनों में पौधों के आसपास उगी घास व परिसर में उगी कंटीली झाडि़यों को साफ करने के लिए श्रमदान किया गया। श्रमदान के बाद पूरा परिसर साफ-सुथरा नजर आया, वहीं पौधे भी निराई-गुड़ाई के बाद खिल उठे। पर्यावरण प्रेमी व्याख्याता धनराज खोजा ने बताया कि चैत्र मास में पौधे नई कोंपलें छोड़ते हैं, ऐसे में यदि पौधों की जड़ों में खुदाई करके पानी दिया जाए तो ग्रोथ दुगुनी होती है।
इन्होंने किया श्रमदान
श्रमदान में पीएचईडी के एक्सईएन रमेश चौधरी, जिला साक्षरता अधिकारी अर्जुनराम लोमरोड़, प्राचार्य दरियाव चौधरी, डॉ. मूलाराम जांगू, रामप्रकाश बिशु, ग्रीन आर्मी फाउंडेशन के जगदीश पूनिया, संदीप आचार्य, जगदीश झींझा, रणजीत धौलिया, व्याख्याता रामप्रसाद कासनियां, बहादुरराम खिलेरी, प्रभुदयाल आचार्य, श्रवण सियाग, प्रहलाद ढाका आदि ने श्रमदान किया। मिर्धा कॉलेज एनसीसी प्रभारी मेजर डॉ. प्रेमसिंह बुगासरा के नेतृत्व में एनसीसी केडेट्स, नाथूराम मिर्धा ट्रस्ट छात्रावास के वार्डन दिनेश खुड़खुडि़या के नेतृत्व में छात्रों एवं एग्रीजेट के रिछपाल के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने श्रमदान किया।