
नागौर. अयोध्या से आए प्रभावना रथ का शुक्रवार को नागौर में जैन समाज की ओर से स्वागत किया गया। इस मौके पर धर्मसभा का आयोजन किया गया। धर्मसभा का शुभारंभ मंगलाचरण के साथ हुआ। इस मौके पर पंडित अकलंक जैन ने बताया कि अयोध्या से चला तीर्थ प्रभावना रथ जैन समाज को एकता के सूत्र में बांधने कर हर जगह संदेश दे रहा है। इसके पश्चात सभापति मीतू बोथरा ने प्रभावना रथ की शोभायात्रा को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। प्रभावना रथ का विभिन्न जगहों पर स्वागत करने के साथ ही आरती की गई। प्रभावना रथ तेरापंथी दिगंबर जैन नसिया से कलक्ट्रेट चौराहा, परशुराम चौराहा, नया दरवाजा होते हुए वापस नसियां पहुंचा। शोभायात्रा के गुजरने के दौरान श्रद्धालुओं में अर्चन करने की होड़ लगी रही। सौधर्म इन्द्र बनने का सौभाग्य सोहन सिंह कानूगो परिवार को, कुबेर, इन्द्र का सुभाषचंद्र, रवि कुमार परिवार को मिला। इसी क्रम में भगवान ऋषभदेव का स्वागत करने का सौभाग्य शांतिलाल, कपिल, चूड़ीवाल, भागवान का पालना झुलाने का सौभाग्य फूलचंद, जीवराज को मिला। इस दौरान सोहन सिंह बडज़ात्या, महेन्द्र पहाडिय़ा, मुकेश बडज़ात्या, सनत कानूगो, रमेशचंद जैन आदि शामिल थे।
मोबाइल यूनिट का आज होगा शुभारंभ
नागौर. पशु पालन विभाग की ओर से मोबाइल यूनिट सेवा का शुभारंभ शनिवार को सुबह 11 बजे किया जाएगा। पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. महेश कुमार मीणा ने बताया कि मोबाइल यूनिट नागौर, जायल, मूण्डवा एवं खींवसर के गावों में शिविर लगाएगी। शिविर में पशुओं का इलाज किया जाएगा।
प्राचार्य का अतिरिक्त पदभार संभाला
नागौर. बीआर मिर्धा महाविद्यालय के प्राचार्य हरसुख छरंग ने शुक्रवार को माडीबाई मिर्धा राजकीय कन्या महाविद्यालय के प्राचार्य का अतिरिक्त पदभार संभाला। इस दौरान सह-आचार्य अनुराधा सक्सेना, सहायक आचार्य माया जाखड़, अनुराधा छंगाणी, हिमानी पारीक आदि मौजूद थीं।
नगरपरिषद में अधिशासी अभियंता पद को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म
नागौर. स्वायत्त शासन विभाग की ओर से जारी आदेश में आरयूआईडीपी से अधिशासी अभियंता रामप्रसाद मीणा को नागौर नगररिषद में लगाया गया है, लेकिन यहां नागौर नगरपरिषद में पहले से ही हनुमान कापड़ी इस पद पर कार्यरत हैं। कापड़ी को उच्च न्यायालय से हाल ही में स्थगन आदेश भी मिला हुआ है। गौरतलब है कि कई सालों से नागौर नगरपरिषद में अधिशासी अभियंता के पद पर कार्यरत रहे रामप्रसाद मीणा का तीन माह पूर्व ही स्थानांतरण कर दिया गया था। इस संबंध में कार्यवाहक आयुक्त हनुमान कापड़ी से बातचीत हुई तो बताया कि उनकी ओर से किसी को अधिशासी अभियंता का चार्ज नहीं दिया गया है। अभी भी कार्यवाहक आयुक्त के साथ ही अधिशासी अभियंता का प्रभार उन्हीं के पास हैं।अब ऐसे में नगरपरिषद में इस आदेश को लेकर पूरे दिन चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।