
बाइक को टक्कर मारने के बाद पलटा ट्रेलर। फोटो: पत्रिका
नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में शुक्रवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। हादसा अजमेर-बीकानेर राष्ट्रीय राजमार्ग 58 पर इग्यासनी-बीचपुड़ी के बीच गेंट्री बोर्ड के पास सुबह 7:30 बजे हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
पुलिस के मुताबिक आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करते समय ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना जबरदस्त था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बाइक को टक्कर माने के बाद ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर रेंण चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को मेड़ता उप जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस बाइक के नंबरों के आधार पर मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचना भिजवा दी है। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
बताया जा रहा है कि ट्रेलर नागौर की तरफ से आ रहा था और बाइक सवार रेण से नागौर की ओर जा रहा था। तभी ट्रेलर चालक ने आगे चल रहे ट्रेलर को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से आ रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद बेकाबू ट्रेलर भी सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से भाग छूटा।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे के पर सड़क के दोनों ओर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले शव को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया और फिर जाम खुलाया। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है। फिलहाल, पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी हुई है।
Updated on:
03 Jul 2026 11:51 am
Published on:
03 Jul 2026 11:30 am
