1 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नागौर के मैथी उत्पादक किसानों के लिए वरदान साबित होगा सोलर ड्रायर

नागौरी पान मैथी सहित अन्य सब्जियों को सुखाने के लिए कृषि विभाग किसानों को अनुदान पर देगा सोलर ड्रायर, सर्दी के सीजन में पश्चिमी विक्षोभ के चलते बारिश होने व धूप नहीं निकलने से कई बार खराब हो जाती है लाखों रुपए की पान मैथी, सोलर डायर से किसान कम समय में सूखा सकेंगे मैथी, भाव भी मिलेंगे अच्छे
2 min read
Google source verification
नागौरी पान मैथी

नागौरी पान मैथी

नागौर. नागौर की प्रसिद्ध पान मैथी की खेती करने वाले किसानों के लिए राहत भरी खबर है। राज्य सरकार ने सोलर क्रॉप ड्रायर की खरीद पर 40 प्रतिशत तक अनुदान देने की योजना शुरू की है। इस पहल से किसानों को पान मैथी सहित अन्य सब्जियों को कम समय में सुरक्षित तरीके से सुखाने की सुविधा मिलेगी, जिससे गुणवत्ता बेहतर रहेगी और बाजार में अच्छे दाम मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

नागौर जिले में रबी सीजन के दौरान बड़े पैमाने पर पान मैथी की खेती होती है। फसल की पत्तियां तोडऩे के बाद उन्हें सुखाना किसानों के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण काम होता है। अधिकांश किसान खुले मैदान, खेत या सडक़ों पर मैथी फैलाकर सुखाते हैं। कई किसानों को इसके लिए खेत से चार-पांच किलोमीटर दूर तक जाना पड़ता है। सर्दियों में कोहरा, बादल और पश्चिमी विक्षोभ के कारण होने वाली बारिश के चलते सूख रही मैथी के खराब होने का खतरा बना रहता है। कई बार अचानक बारिश होने से लाखों रुपए की तैयार उपज खराब हो जाती है, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ेगी

ऐसी स्थिति में सोलर क्रॉप ड्रायर किसानों के लिए प्रभावी विकल्प साबित होगा। इस तकनीक से मैथी को नियंत्रित वातावरण में कम समय में सुखाया जा सकेगा। खुले में सुखाने की तुलना में इसमें धूल-मिट्टी नहीं लगती और बारिश या नमी से खराब होने का खतरा भी नहीं रहता। इससे उत्पाद की गुणवत्ता बनी रहती है, जो बेहतर बाजार मूल्य दिलाने में सहायक होगी।

इस प्रकार मिलेगा अनुदान

उद्यानिकी विभाग के अनुसार योजना के तहत 70 किलोग्राम क्षमता वाले सोलर ड्रायर की अनुमानित लागत 2.50 लाख रुपए तथा 100 किलोग्राम क्षमता वाले ड्रायर की लागत लगभग 3.50 लाख रुपए है। सरकार लागत का 40 प्रतिशत तक अनुदान देगी। एक पात्र आवेदक अधिकतम पांच इकाइयों की खरीद पर अनुदान प्राप्त कर सकता है। इस प्रकार अधिकतम सात लाख रुपए तक का अनुदान उपलब्ध होगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों तथा अन्य पात्र आवेदकों को राष्ट्रीय बागवानी मिशन (एनएचएम) के तहत उद्यानिकी विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। यह योजना इसी वर्ष शुरू की गई है।

काचरी, मिर्च व पालक को सुखाने में भी उपयोगी

उद्यानिकी विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि सोलर ड्रायर केवल पान मैथी तक सीमित नहीं रहेगा। इसके माध्यम से काचरी, टमाटर, मिर्च, पालक सहित अन्य सब्जियों को भी आसानी से सुखाया जा सकेगा। जिन उत्पादों का पाउडर तैयार किया जाता है, उनके प्रसंस्करण में भी यह तकनीक उपयोगी साबित होगी।

किसानों के लिए बहुउपयोगी

सोलर ड्रायर की मदद से किसान पान मैथी, काचरी, टमाटर, मिर्च, पालक आदि को कम समय में सूखा सकेंगे और जिन सब्जियों का पाउडर बनाया जाता है, उनको सुखाने में भी सहयोगी साबित होगा। आमतौर पर किसान अपने घर की छत या खेत में सुखाते हैं तो उसमें डस्ट चिपक जाती है, कई बार भीगने से खराब भी हो जाती है, लेकिन सोलर ड्रायर में प्लेट्स और ट्रे होती हैं, जिनमें न तो डस्ट लगती है और न ही भीगने का डर रहता है। बहुत कम समय में सब्जियों को सुखाया जा सकता है। सरकार ने इस योजना को इसी साल शुरू किया है।

- प्रदीप कुमार अग्रवाल, संयुक्त निदेशक, सेंट्रल स्पॉन्सर्ड स्कीम, उद्यानिकी विभाग, जयपुर