2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Nagaur: सोशल मीडिया पर दोस्ती करके युवक को फंसाया, प्रमोशन के बहाने लूटे लाखों रुपए के सोने के गहने और नकदी

Rajasthan Crime: सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती नागौर के एक युवक के लिए मुसीबत बन गई। दुकान के प्रमोशन का झांसा देकर दो युवक उसे अपने साथ ले गए, जहां कथित तौर पर उसके साथ मारपीट की गई और सोने के आभूषण, नकदी व मोबाइल लूट लिया।
2 min read
Google source verification
Nagaur Social Media Reel

इस्टाग्राम की आईडी पर सोने की अंगुठियां और चेन दिखाते हुए अपलोड किए गए महिपाल के वीडीयो का क्लीप का फोटो

सोशल मीडिया पर लोकप्रियता और निजी जीवन का प्रदर्शन एक युवक के लिए मुसीबत बन गया। नागौर जिले के बींठवाल निवासी महिपाल पुत्र भूंडाराम भारती ने मूण्डवा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती के बाद दो युवकों ने दुकान के प्रमोशन का झांसा देकर उसके साथ मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी और सोने के आभूषण, नकदी व मोबाइल लूट लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुकान के प्रमोशन का दिया झांसा

पुलिस के अनुसार महिपाल ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि सोशल मीडिया पर उसके करीब 20 हजार से अधिक फॉलोअर्स हैं। वह सोशल मीडिया पर अक्सर सोने की अंगूठियां, गले की चेन और नकदी के साथ वीडियो साझा करता था। इसी दौरान हरीश चौधरी और भरत चौधरी नाम की सोशल मीडिया आईडी से संपर्क करने वाले दो युवकों ने उससे दोस्ती की। दोनों ने खुद को दुकान का प्रमोशन करवाने वाला बताते हुए 27 जून को उसके घर पहुंचकर मुलाकात की। चाय-नाश्ता करने के बाद उन्होंने महिपाल का विश्वास जीता और उसे लग्जरी वाहन में अपने साथ ले गए।

सिगरेट से दागा, हथियार दिखाकर दी धमकी

महिपाल के अनुसार सबसे पहले वे खरनाल मंदिर गए। इसके बाद सभी नागौर के मेला मैदान पहुंचे, जहां आरोपियों ने शराब और अन्य नशा किया। इसी दौरान उन्होंने उसके साथ मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने सिगरेट से उसके शरीर को दागा और पिस्तौल व बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। डर के माहौल में उससे कीमती सामान छीन लिया।

सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल लूटे

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसकी चार सोने की अंगूठियां, एक सोने की चेन, कानों की मुर्कियां, 25 हजार रुपए की नकदी, मोबाइल फोन और बेल्ट तक छीन ली। इसके बाद आरोपी उसे अपने साथ नागौर, रोल और कुचामन होते हुए फुलेरा रेलवे स्टेशन के पास ले गए, जहां उसे छोड़कर फरार हो गए। किसी तरह महिपाल 29 जून को नागौर पहुंचा और अगले दिन 30 जून को मूण्डवा थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई बेणीराम को सौंपी गई है। पुलिस सोशल मीडिया आईडी, मोबाइल कॉल डिटेल, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। साथ ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।