नागदा

मुख्यमंत्री ने की दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा

रूनीजा के निकट हुए हादसे के बाद कलेक्टर बडऩगर के सिविल हॉस्पिटल पहुंचे और घायल व्यक्तियों के उपचार व्यवस्था का निरीक्षण किया।
3 min read
• •
Updated: 10 Jan 2018, 10:46 AM IST
patrika
accident,road accident,injured,ujjain news,nagda news,chief minister shivraj singh chauhan,collector sanket bhondwe,

उज्जैन. रूनीजा के निकट हुए हादसे के बाद कलेक्टर संकेत भोंडवे मंगलवार को बडऩगर के सिविल हॉस्पिटल पहुंचे और घायल व्यक्तियों के उपचार व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक पंड्या, एसपी सचिन अतुलकर, एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी, एएसपी मनीष खत्री व एसडीएम एकता जायसवाल भी थीं। कलेक्टर ने बताया, राज्य शासन के निर्देश अनुसार घायलों का यदि किसी निजी चिकित्सालय में उपचार कराना पड़ा तो वह भी नि:शुल्क करवाया जाएगा।

गंभीर घायलों को 25-25 हजार

इधर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने दुर्घटना में मृत सभी चार व्यक्तियों के परिजनों को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही गंभीर घायलों को 25-25 हजार रुपए व सामान्य घायल व्यक्तियों को 10-10 हजार रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई है। सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को सोलेशियम फंड से भी सहायता प्रदान की जाएगी। मृतकों के शव रतलाम जिले में उनके पैतृक गांव रवाना कर दिए गए हैं।

जल्द शुरू होगा अतिरिक्त बायपास
निरीक्षण के बाद जनप्रतिनिधि-अधिकारियों ने सिविल अस्पताल में बैठक कर दुर्घटनाओं को रोकने के उपायों पर चर्चा की। एसडीएम को निर्देश दिए कि विकासखण्ड स्तर पर सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय किए जाएं। इस दौरान कलेक्टर के समक्ष बरगाड़ी बायपास को शीघ्र शुरू करने की मांग रखी गई। इससे बड़े वाहन जो गुजरात से आकर घट्टिया की ओर जाते हैं, उनको शहर के बाहर-बाहर निकाला जा सकेगा। कलेक्टर ने इस सम्बन्ध में जल्द कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। साथ ही बडऩगर नगर पालिका की ओर से फायर ब्रिगेड का प्रस्ताव भेजने, विभिन्न सड़कों पर संकेतक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

बडऩगर/रूनीजा. रूनीजा के पास मंगलवार सुबह 9.30 बजे मजदूरों से भरा पिकअप वाहन टायर फटने के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इसमेें चार लोगों की मौत हो गई, वहीं 53 लोग घायल हो गए। दुर्घटना में एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक मजदूर ने बडऩगर अस्पताल ले जाने के दौरान और एक ने उज्जैन अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। हादसे में ४ की हालत नाजुक होने के कारण उन्हें इंदौर के एमवाय अस्पताल में भेजा गया है। इसके अलावा अन्य गंभीर घायलों उज्जैन जिला अस्पताल रेफर किए गए हैं। बताया गया कि वाहन में ५७ लोग सवार थे। घटना के बाद कलेक्टर व एसपी ने बडऩगर पहुंचकर मृतक के परिजनों को सहायता राशि देने की बात कही।

रूनीजा के पास हुए इस हादसे से पूरा तहसील क्षेत्र गमगीन हो गया। मंगलवार सुबह तहसील के ग्राम रूनीजा स्थित पेट्रोल पंप के समीप रतलाम जिले के ग्राम बिरमावल से मटर तोडऩे के लिए जा रहे करीब 50 से अधिक महिला एवं पुरुष मजदूरों से भरा पिकअप वाहन प्रात: साढ़े 9 बजे टायर फटने से असंतुलित हो गया और तीन पलटी खा गया। इसमें अंकित (12) पिता जगदीश चर्मकार, कन्हैयालाल (50) पिता पन्नालाल चर्मकार और शांतिबाई पति सिद्धू चर्मकार निवासी बिरमावल जिला रतलाम की मौत हो गई। एक अन्य घायल शंभूलाल पिता लूनाजी को जिला चिकित्सालय भेजा गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होने दम तोड़ दिया। चार गंभीर घायलों को इंदौर एम वाय अस्पताल रेफर किया गया, जिसमें से एक की स्थिति नाजुक बताई जा रही है, जबकि 19 गंभीर घायलों का उपचार उज्जैन जिला चिकित्सालय एवं 19 घायलों का उपचार बडऩगर शासकीय चिकित्सालय में उपचार जारी है। हादसे के बाद घायलों को बडऩगर शासकीय चिकित्सालय लाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। इस दौरान पूरा प्रसाशनिक अमला एसडीएम एकता जायसवाल चिकित्सालय परिसर में मौजूद रही। वहीं विधायक मुकेश पंड्या व अनेक जनप्रतिनिधि व सामाजिक संगठनों के सदस्य पहुंच गए। घायलों में 3 साल की बालिका अनुष्का पिता दशरथ चर्मकार निवासी बिरमावल भी शामिल है।

Published on: