नरसिंहपुर

जिले के 6 ब्लाकों में 24 हजार से ज्यादा प्रधानमंत्री आवास अधूरे, योजना की रफ्तार पर बारिश से पहले दबाव बढ़ा

जिले में बारिश का मौसम जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, अधूरे पड़े प्रधानमंत्री आवासों का कार्य पूरा कराने प्रशासन के मैदानी अमले में सक्रियता बढऩे लगी है। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण कार्य तो चल रहा है लेकिन 6 विकासखंडों में अब भी 24 हजार से अधिक आवास अधूरे हैं।

2 min read
जिले में बने एक आवास का निरीक्षण करते हुए अधिकारी।

Pradhan Mantri Awas Yojana नरसिंहपुर. जिले में बारिश का मौसम जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, अधूरे पड़े प्रधानमंत्री आवासों का कार्य पूरा कराने प्रशासन के मैदानी अमले में सक्रियता बढऩे लगी है। जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण कार्य तो चल रहा है लेकिन 6 विकासखंडों में अब भी 24 हजार से अधिक आवास अधूरे हैं। बारिश का मौसम नजदीक आने से निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करना प्रशासन के लिए चुनौती बनता जा रहा है।
जिले में 6 विकासखंडों के तहत अब तक कुल 1,27,254 आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 1,02,777 आवास पूर्ण हो चुके हैं, जबकि 24,477 आवासों का निर्माण कार्य जारी है। इस तरह जिले में 80.7 प्रतिशत आवास निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
कई विकासखंडों में कार्य की स्थिति कमजोर
विकासखंडवार स्थिति में चांवरपाठा ब्लॉक में सबसे अधिक 27,129 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें 21,943 आवास पूर्ण और 5,186 निर्माणाधीन हैं। गोटेगांव ब्लॉक में 22,053 स्वीकृत आवासों में से 19,772 पूर्ण और 2,281 निर्माणाधीन हैं। नरसिंहपुर ब्लॉक में 20,973 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें 17,656 पूर्ण और 3,317 निर्माणाधीन हैं। करेली ब्लॉक में 20,782 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें 15,202 पूर्ण और 5,580 निर्माणाधीन स्थिति में हैं। साईखेड़ा ब्लॉक में 18,455 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें 13,799 पूर्ण और 4,656 निर्माणाधीन हैं। वहीं बाबई चीचली ब्लॉक में 17,862 आवास स्वीकृत हैं, जिनमें 14,405 आवास पूर्ण हो चुके हैं और 3,457 आवासों का निर्माण कार्य जारी है।
फैक्ट फाइल
कुल स्वीकृत आवास- 1,27,254
कुल पूर्ण आवास- 1,02,777
कुल निर्माणाधीन आवास-24,477
कुल पूर्णता दर- 80.7 प्रतिशत

कार्य पिछडऩे की यह हैं मुख्य वजह
समय पर किस्त न मिल पाना
हितग्राहियों की कार्य में ढील
निर्माण सामग्री के दामों में वृद्धि
मैदानी स्तर पर निगरानी में कमी
वर्जन
आवास योजना का कार्य जल्दी से जल्दी कराने वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सतत प्रयास चल रहा है। कार्य में देरी की वजह अलग-अलग होती हैं। बारिश के पूर्व ज्यादा से ज्यादा आवास का कार्य पूरा करा लिया जाएगा।
विपिन लाड, योजना प्रभारी जिला पंचायत नरसिंहपुर

Published on:
28 May 2026 12:20 pm
Also Read
View All