नरसिंहपुर

तपिश बढ़ा रही बीमारी, शिशु वार्ड फुल, ओपीडी में कतार, 4 गांव में चिकन पॉक्स के 14 मरीज, उल्टी-दस्त के रोगी बढ़े

जिले में 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान व भीषण गर्मी के साथ अब मौसमी बीमारियों का असर भी तेज होने लगा है। जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।

2 min read
ओपीडी पर्ची काउंटर पर मरीजों की कतार।

Chickenpox infection नरसिंहपुर. जिले में 44.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहे तापमान व भीषण गर्मी के साथ अब मौसमी बीमारियों का असर भी तेज होने लगा है। जिला अस्पताल में उल्टी-दस्त, बुखार और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालात यह हैं कि ओपीडी काउंटरों पर पर्ची बनवाने के लिए मरीजों की लंबी कतारें लग रही हैं, जबकि जांच कक्ष और पैथोलॉजी में भी भीड़ बढऩे से लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा असर बच्चों की सेहत पर दिखाई दे रहा है। जिला अस्पताल के शिशु वार्ड में प्रतिदिन उल्टी-दस्त से पीडि़त 8 से 10 बच्चों को उपचार के लिए लाया जा रहा है। मरीजों की संख्या बढऩे से स्वास्थ्य अमले पर अतिरिक्त दबाव की स्थिति बन रही है। जिले में चिकन पॉक्स का संक्रमण भी गांवों तक पहुंचने लगा है। स्वास्थ्य विभाग ने अब तक 4 गांवों में 14 सक्रमित मरीज चिन्हित किए हैं। संक्रमितों की केस हिस्ट्री में बाहर से लौटे लोगों के जरिए संक्रमण फैलने की बात सामने आई है।

एक गांव में संक्रमित परिवार को समझाते हुए अमला


नागपुर-जबलपुर से संक्रमण लेकर लौटे ग्रामीण
बताया जाता है कि नरसिंहपुर से लगे झरना डेडवारा गांव में मिले तीन संक्रमितों में एक व्यक्ति नागपुर से लौटकर आया था। उसके संपर्क में आने से दो अन्य लोग संक्रमित हो गए। इसी तरह ग्राम सिमरिया में मिले तीन संक्रमितों में भी एक व्यक्ति नागपुर से संक्रमण लेकर लौटना बताया गया है। ग्राम बैहर में मिले तीन संक्रमितों में एक युवक नियमित रूप से जबलपुर अप-डाउन करता था। पहले युवक संक्रमित हुआ और बाद में उसके परिवार के दो अन्य सदस्य भी संक्रमण की चपेट में आ गए। वहीं करेली क्षेत्र के ग्राम बांसादेही में पांच संक्रमित मरीज सामने आए हैं।
संक्रमित व्यक्ति की निगरानी जरूरी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार चिकन पॉक्स का संक्रमण 21 से 28 दिनों के भीतर असर दिखा सकता है। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए संक्रमित व्यक्ति की निगरानी जरूरी बताई जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि संक्रमित व्यक्ति के कपड़े, बिस्तर और उपयोग की अन्य वस्तुओं का इस्तेमाल दूसरे लोगों को नहीं करना चाहिए। साथ ही संक्रमित मरीज को सार्वजनिक स्थानों पर जाने से बचना चाहिए, ताकि संक्रमण अन्य लोगों तक न पहुंचे।

गांववार संक्रमितों की स्थिति
झिरना डेडवारा-03 मरीज
सिमरिया -03 मरीज
बैहर -03 मरीज
बांसादेही - 05 मरीज

गर्मी में ऐसे रखें बचाव
साफ और उबला पानी पिएं
यात्रा के वक्त सावधानी रखें
बाहर का खुला खाद्य पदार्थ खाने से बचें
चिकन पॉक्स संक्रमित को अलग रखें
संक्रमित के कपड़े और बिस्तर अलग रखें
शरीर पर दाने, बुखार या खुजली होने पर तुरंत जांच कराएं
वर्जन
काफी मरीज आ रहे हैं, जिनको मैनेज करना मुश्किल तो हो रहा है लेकिन जितना अमला है उससे कार्य करा रहे हैं। शिशु वार्ड भरा हुआ है, मरीजों से समन्वय बनाकर उन्हें बेड उपलब्ध कराते हुए इलाज कर रहे हैं।
डॉ. राहुल नेमा, आरएमओ जिला अस्पताल नरसिंहपुर
चिकन पॉक्स के जहां भी मरीज मिले हैं वहां टीम ने जाकर आवश्यक दवाइयां देते हुए उन्हें सावधानी रखने कहा है। संक्रमण का असर दिखने में भी काफी दिन लगते हैं इसलिए मरीज के साथ परिवार के लोगों को सावधानी रखना जरूरी है।
डॉ. गुलाब खातरकर, जिला महामारी विशेषज्ञ नरसिंहपुर

Published on:
21 May 2026 12:21 pm
Also Read
View All