Kareli forest range नरसिंहपुर. जिले में चरनोई और अन्य शासकीय भूमि पर तो अतिक्रमण लंबे समय से है अब वनभूमि को भी अतिक्रमणकारी नष्ट करने पर तुले हुए हैं। करेली वन परिक्षेत्र में वनभूमि पर लगे पेड़ों-झाडिय़ों की कटाई और मिट़्टी की खुदाई कर खेत बनाने तैयारी चल रही थी। जिसकी खबर लगते ही मौके […]
Kareli forest range नरसिंहपुर. जिले में चरनोई और अन्य शासकीय भूमि पर तो अतिक्रमण लंबे समय से है अब वनभूमि को भी अतिक्रमणकारी नष्ट करने पर तुले हुए हैं। करेली वन परिक्षेत्र में वनभूमि पर लगे पेड़ों-झाडिय़ों की कटाई और मिट़्टी की खुदाई कर खेत बनाने तैयारी चल रही थी। जिसकी खबर लगते ही मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने दो जेसीबी जप्त करते हुए चार लोगों के खिलाफ मामला बनाया है। अमले की कार्रवाई शनिवार की दोपहर शुरू हुई और देर रात तक चलती रही।
मामले में उपवनमंडल अधिकारी सुनील वर्मा ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि करेली वन परिक्षेत्र के विजनपुर बीट क्षेत्र में वन भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा है। जिसमें मुख्य वनसरंक्षक के निर्देशन एवं वन मंडल अधिकारी कल्पना तिवारी के मार्गदर्शन में गठित दल ने कार्रवाई शुरू की। मौके पर पाया गया कि जेसीबी से वन भूमि को नष्ट कर झाडिय़ां काटकर खेती योग्य भूमि तैयार की जा रही थी। दल ने दो जेसीबी को जप्त किया। जानकारी के अनुसार एक जेसीबी अंकित पिता अर्जुन ठाकुर, किसान राजाराम पिता मोहन कौरव निवासी आड़ेगांव से बरामद की गई है, जबकि दूसरी जेसीबी राजेश पिता दामोदर ठाकुर निवासी पलोहा राजमार्ग एवं किसान हरिदास पिता नारायण रजक निवासी बेलखेड़ी से बरामद की।
करीब पांच एकड़ रकबा को नुकसान
उपवन मंडल अधिकारी वर्मा ने बताया कि आरोपियों ने करीब पांच एकड़ रकबे को नुकसान पहुंचाया है। अमले की कार्रवाई करीब पांच घंटे तक चलती रही। कार्रवाई में वनरक्षक मनीष तिवारी, सतीश शर्मा, घनश्याम श्रीवास, उमेश ठाकुर, नारायण वर्मा सहित वाहन चालक मौजूद रहे। वाहनों को चौगान चौकी परिक्षेत्र गाडरवारा लाया गया। इसके बाद परिक्षेत्र गाडरवारा के स्टाफ ने वाहनों को गाडरवारा परिक्षेत्र कैंपस में खड़ा किया। पूरी कार्रवाई में परिक्षेत्र गाडरवारा और करेली का स्टाफ मौजूद रहा। मामले में वन विभाग द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।