शनिवार की दोपहर नर्मदा के रेतघाट बरमान में नहाने के दौरान सागर निवासी दो युवक गहराई में जाने से डूबने लगे। जिसमें एक युवक को तो नाविकों ने बचा लिया लेकिन दूसरे का दिनभर पता नहीं चल सका। रविवार को डूबे युवक का शव नर्मदा के छत्तरपुर घाट के पास मिला।
Narmada River Barman नरसिंहपुर. शनिवार की दोपहर नर्मदा के रेतघाट बरमान में नहाने के दौरान सागर निवासी दो युवक गहराई में जाने से डूबने लगे। जिसमें एक युवक को तो नाविकों ने बचा लिया लेकिन दूसरे का दिनभर पता नहीं चल सका। एसडीइआरएफ की टीम स्थानीय नाविकों की मदद से रेस्क्यु करने में लगी रही। रविवार को डूबे युवक का शव नर्मदा के छत्तरपुर घाट के पास मिला। करेली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।
घटना में बताया जाता है कि शनिवार को सागर निवासी सौरभ पिता जयकुमार रजक 30 वर्ष एवं अंश पिता शिवराज यादव परिवार के साथ अमावस्या स्नान करने बरमान रेतघाट आए थे। सौरभ व अंश एक साथ नहा रहे थे जो नहाने के दौरान दोनों घाटों को जोडऩे वाले पुल के पास चले गए, यहां अचानक दोनों गहराई में चले गए और डूबने लगे। युवकों को डूबते हुए वहां मौजूद नाविकों ने देखा तो किसी तरह अंश को सुरक्षित निकाल लिया, लेकिन सौरभ गहराई में जाकर लापता हो गया। युवकों के पड़ोसी यश यादव ने बताया कि उसका परिवार और सौरभ व अंश के साथ आए लोग कुछ देर पहले ही नहाकर नर्मदा से बाहर आए थे, कि यह हादसा हो गया।
करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंग्वे ने बताया कि डूबे युवक सौरभ के संबंध में पहले गुम इंसान कायम किया गया था। रविवार को उसका शव छत्तरपुरघाट के पास मिलने के बाद मामले में मर्ग कायम कर किया गया है। रेस्क्यु टीम प्रभारी हवलदार बृजमोहन श्रीवास्तव, संजय ठाकुर, सिद्धार्थ पाराशर, राजेंद्र, बृजेकिशोर, जमनाप्रसाद की टीम ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बरमान से करीब 8 किमी दूर छत्तरपुर घाट से शव को बरामद किया।
नर्मदा में लगातार बढ़ रहे हादसे
नर्मदा के बरमानघाट में स्नान के दौरान हर दिन बड़ी संख्या में लोग आते हैं, गर्मी का मौसम होने से नहाते समय कई लोग अपनी सुरक्षा को लेकर इतने लापरवाह हो जाते हैं कि वह गहरे पानी में चले जाते हैं। करीब एक माह के अंतराल में यहां डूबने की घटनाएं पूर्व में भी कई हो चुकी हैं। पर्व दिवसों पर यहां पुलिस तैनात रहती है, लोगों को समझाइश भी देती है, वहीं नाविक भी लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए नर्मदा के तेज बहाव व गहराई की जानकारी देते हैं। लेकिन इसके बाद भी तैरने और गहराई में नहाने की होड़ में कई लोग घटनाओं का शिकार हो जाते हैं।