
A wave of transfers नरसिंहपुर. जिले में शासन स्तर से लेकर जिला स्तर तक चली तबादलों की बयार से कहीं खुशी कहीं गम का माहौल बना हुआ है। जिसमें सबसे अधिक सुर्खियों में खनिज अधिकारी का तबादला है जो यहां दूसरी बार पदस्थ हुए थे और उनकी कार्यप्रणाली निरंतर चर्चाओं में रही। वहीं पंचायत एवं राजस्व विभाग में भी कई कर्मचारियों के इधर से उधर होने से दोनों विभागों के मैदानी अमले में नए कार्य क्षेत्र को लेकर चिंता बनी है। क्योंकि अधिकांश कर्मचारी ऐसे भी हैं जो वर्षो से एक ही जगह जमे हुए थे।
तबादलों की बयार में सहायक खनिज अधिकारी ओपी बघेल को दतिया भेज गया है और उनके स्थान पर सोहन सलामे को यहां पदस्थ किया गया है। वहीं नरसिंहपुर नगरपालिका के सीएमओ नीलम चौहान को अनूपपुर भेजा गया है वहीं उनके स्थान पर हिंडोरिया दमोह से गजेंद्र सिंह लोधी को सीएमओ नियुक्त किया गया है। जिन्होंने बुधवार को कार्यभार संभाल लिया। वहीं नरसिंहपुर में पदस्थ सहायक संचालक जनसंपर्क केके मरावी को रीवा भेजा गया है, उनके स्थान पर मंडला से राहुल वासनिक को नरसिंहपुर भेजा गया है।
66 सचिवों को किया इधर से उधर
जिले के 6 विकासखंडों से 66 सचिवों को भी इधर से उधर किया गया है। इसमें सर्वाधिक 13 सचिव नरसिंहपुर विकासखंड के हैं। जबकि चांवरपाठा विकासखंड से 12, गोटेगांव से 11, करेली से 10, चीचली से 11 एवं सांईखेड़ा विकासखंड से 9 सचिवों को दूसरी पंचायतों में भेजा गया है।
जिले के 55 पटवारियों के बदले कार्यक्षेत्र, तहसीलदार भी बदले
जिले की अलग-अलग तहसीलों में पदस्थ 55 पटवारियों का भी तबादला कर कार्यक्षेत्र बदला गया है। नरसिंहपुर, करेली, गाडरवारा, गोटेगांव तहसील के पटवारियों की संख्या अधिक है जबकि अन्य तहसीलों के पटवारियों की संख्या कम है। वहीं प्रभारी तहसीलदार नीरज तखरया को जबलपुर, अतुल श्रीवास्तव को विदिशा, पारसनाथ मिश्रा को रीवा, चंदन तिवारी को रीवा को भेजा गया है। वहीं विवके मूले को कटनी से नरसिंहपुर, रैना तामिया को जबलपुर से नरसिंहपुर, पूर्णिमा भगत को बालाघाट से नरसिंहपुर भेजा गया है।
जनपदों में भी बदले गए अधिकारी
जिले की जनपद पंचायतों में भी अधिकारियों की अदला-बदली से माहौल नया रहेगा। जनपद केसली सागर की सीईओ प्रतिष्ठा जैन को जनपद चांवरपाठा भेजा गया है, वहीं यहां पदस्थ संतोष मांडलिक को नलखेड़ा आगर मालवा पदस्थ किया गया है। इसी तरह जनपद करेली सीईओ राधेश्याम वारिवे को जनपद नर्मदापुरम, नरसिंहपुर जनपद सीईओ डॉ. हरीश केशरवानी को जनपद रामपुरनैकिन सीधी भेजा गया है। क्षेत्रीय ग्रामीण विकास प्रशिक्षण केंद्र भोपाल से प्रदीप कुमार को प्रभारी सीईओ नरसिंहपुर भेजा गया है। वहीं अन्य विभागों में भी तबादलों की बयार से कई कर्मचारी इधर से उधर हुए हैं।