17 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बैहर तिराहा पर फ्लाई ओवर बनवाने प्रस्ताव और शहर में सर्विस लाइन निर्माण, सडक़ हादसों पर अंकुश की कवायद तेज

बैहर तिराहा पर फ्लाई ओवर का निर्माण कराने प्रस्ताव बनाया गया है वहीं शहर में सर्विस लाइन निर्माण पर जोर दिया गया है। जिले भर में जहां ब्लैक स्पॉट हैं वहां प्रकाश व्यवस्था रहेगी ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

2 min read
Google source verification
नरसिंहपुर जिले में बढ़ते सडक़ हादसों पर अंकुश लगाने प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में सडक़ मार्गों को अधिक सुरक्षित बनाने, दुर्घटना संभावित स्थलों में सुधार तथा यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में कलेक्टर-एसपी।

Road Safety Committee नरसिंहपुर. जिले में बढ़ते सडक़ हादसों पर अंकुश लगाने प्रशासनिक कवायद तेज हो गई है। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई जिला स्तरीय सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक में सडक़ मार्गों को अधिक सुरक्षित बनाने, दुर्घटना संभावित स्थलों में सुधार तथा यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिसमें बैहर तिराहा पर फ्लाई ओवर का निर्माण कराने प्रस्ताव बनाया गया है वहीं शहर में सर्विस लाइन निर्माण पर जोर दिया गया है। जिले भर में जहां ब्लैक स्पॉट हैं वहां प्रकाश व्यवस्था रहेगी ताकि रात्रि के समय दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
कलेक्टर रजनी सिंह और एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना की उपस्थिति में आयोजित बैठक में एएसपी संदीप भूरिया, मुख्य कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण विभाग अरविंद किटहा, यातायात निरीक्षक ममता तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर विशेष फोकस किया गया। प्रशासन का मानना है कि सडक़ दुर्घटनाओं को कम करने के लिए उन स्थानों पर सुधार कार्य सबसे अधिक आवश्यक है, जहां बार-बार हादसे होते हैं। कलेक्टर ने सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही इन स्थानों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि रात्रिकालीन दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सके।
गड्ढों, साइड शोल्डर और संकेतकों पर जोर
बैठक में मार्गों में बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त साइड शोल्डरों के भराव के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर साइन बोर्ड लगाने और अन्य सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। सडक़ किनारे रिफ्लेक्टर, स्पीड लिमिट के सांकेतिक बोर्ड तथा साइड शोल्डर निर्माण को सडक़ सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैहर तिराहा फ्लाईओवर और ले-बाय निर्माण का प्रस्ताव
शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए बैहर तिराहा पर फ्लाईओवर निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने की बात बैठक में सामने आई। इसके अलावा शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने के लिए सर्विस लाइन (ले-बाय) निर्माण के निर्देश भी दिए गए। माना जा रहा है कि इन व्यवस्थाओं के लागू होने से यातायात दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
गाडरवारा में भारी वाहनों के लिए वन-वे व्यवस्था
गाडरवारा नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के लिए वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन का उद्देश्य शहर के भीतर यातायात सुगम बनाना और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
विपतपुरा अंडरपास में बड़े वाहनों की एंट्री नियंत्रित होगी
नरसिंहपुर स्थित विपतपुरा अंडरपास में भारी वाहनों के प्रवेश को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। अंडरपास में बड़े वाहनों के प्रवेश से दुर्घटना की आशंका को देखते हुए हाइट बैरियर की ऊंचाई कम करने के निर्देश दिए गए, ताकि बड़े वाहन अंडरपास में प्रवेश न कर सकें और संभावित हादसों से बचाव सुनिश्चित हो सके।
विभागीय समन्वय पर विशेष बल
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। बैठक में सडक़ सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बड़ी खबरें

View All

नरसिंहपुर

मध्य प्रदेश न्यूज़

ट्रेंडिंग