नरसिंहपुर

SPORT जब एसडीएम ने टीआई को लिखा पत्र

प्रतिबंध बेअसर, बिना अनुमति चल रही स्पर्धा
2 min read
• •
Updated: 6 Jan 2018, 12:08 AM IST
SDM writes letter to TI
SDM writes letter to TI

नरसिंहपुर। जिले में कानून व्यवस्था का किस तरह मजाक उड़ाया जा रहा है इसका अनुमान लगाया जाता है करेली में सरकारी स्कूल के परिसर में चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता से। शासन के निर्देश को ध्यान में रखते हुए एसडीएम ने आयोजकों को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय करेली की मैदान में टूर्नामेंट के आयोजन की अनुमति देने से मना कर दिया था इसके बावजूद आयोजक प्रतियोगिता का आयोजन कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार नॉन प्रोफेशनल क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन के लिए एसडीएम से अनुमति मांगी गई थी लेकिन एसडीएम ने खेल मैदान में धारा 144 आगामी 26 फरवरी तक प्रभावशील होने के कारण अनुमति देने से इंकार कर दिया था इसके बावजूद इस खेल परिसर में प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। आदेश का पालन न होने पर एसडीएम ने थाना प्रभारी को एक पत्र लिखकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

लोक शिक्षण संचालनालय से जारी किए गए एक पत्र के आधार पर कलेक्टर ने शासकीय शालाओं के प्राचार्य और प्रधान पाठकों को आदेश जारी कर कहा है कि शैक्षणिक सत्र के दौरान शासकीय विद्यालयों में वैवाहिक एवं अन्य समारोह आयोजित नहीं किये जायें। उन्होंने कहा कि सत्र के दौरान निजी कार्यक्रम होने से विद्यालयों में शैक्षणिक एवं खेल गतिविधियां सम्पादित होने में बाधा उत्पन्न होती हैं। राज्य शासन द्वारा निर्णय लिया गया है कि शैक्षणिक सत्र के दौरान किन्ही भी परिस्थितियों में शासकीय विद्यालयों के प्रांगण में वैवाहिक अथवा अन्य समारोह के आयोजन के लिए अनुमति नहीं दी जाये। कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र से कहा है कि शालाओं में राज्य शासन के निर्णय का सख्ती से पालन किया जाये।

इनका कहना है
स्कूल में बच्चों की पढ़ाई में होने वाले व्यवधान को ध्यान में रख कर आयोजकों को अनुमति नहीं दी गई थी जिसके बावजूद क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी को पत्र लिखा है।
राजेंद्र राय, एसडीएम, नरसिंहपुर