
The Agriculture Department नरसिंहपुर. जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग-उड़द का विक्रय करने के लिए करीब 51900 किसानों ने पंजीयन तो कराया है। लेकिन खरीदी कब से होगी यह कुछ तय नहीं है, क्योंकि शासन से अब तक न तो कृषि विभाग को खरीदी नीति एवं तिथि के संबंध में कोई सूचना मिली है न ही कोई स्पष्ट निर्देश। जिससे जिन किसानों के पंजीयन हुए उनके सत्यापन का कार्य भी रूका हुआ है। इधर किसान खरीद में हो रही देर से मंडियों में उपज विक्रय करने के लिए लाचार हो रहे हैं, नुकसान उठा रहे हैं।
जिले में समर्थन मूल्य पर मूंग का विक्रय करने करीब 47,907 और उड़द का विक्रय करने करीब 3,993 किसानों ने पंजीयन कराया है। जिनका सत्यापन भी विभाग को शासन से नीति और खरीदी तिथि के संबंध में निर्देश मिलने पर करना है। मूंग फसल में असत्यापित पंजीयन के मामले में गाडरवारा तहसील सबसे ऊपर है, जहां 16,186 किसान है। इसके बाद गोटेगांव में 10,779 किसान, साईंखेड़ा में 8,299 किसान है। मूंग में सबसे कम पंजीयन नरसिंहपुर तहसील में है, जहां 3,945 किसान पंजीकृत है।
मंडियों में लगातार बढ़ रही है आवक
सरकारी खरीद में देरी से मंडियों में मूूंग-उड़द की निरंतर आवक बढ़ रही है। किसानों को क्वालिटी की आड़ में औने-पौने दाम मिल रहे है। जिससे कई किसान मजबूरी में उपज का विक्रय कर रहे हैं। किसान कह रहे हैं कि यदि खरीदी में अधिक देर हुई तो बारिश के मौसम में घरों से उपज को केंद्रों तक सुरक्षित ले जाना भी मुश्किल होगा। किसानों को उपज की तौल कराना मुश्किल होगा। इसलिए खरीद जल्द की जाए।
मूंग में पंजीयन
तहसील किसान रकबा (हेक्टेयर)
गाडरवारा 16,186 35,367.89
गोटेगांव 10,779 22,576.04
साईंखेड़ा 8,299 19,176.61
तेंदूखेड़ा 4,424 10,651.84
करेली 4,274 9,296.28
नरसिंहपुर 3,945 8,715.29
उड़द में पंजीयन
तहसील किसान रकबा (हेक्टेयर)
गोटेगांव 2,248 3,578.18
नरसिंहपुर 641 956.65
करेली 615 883.10
तेंदूखेड़ा 304 459.17
गाडरवारा 160 203.04
साईंखेड़ा 25 33.47
फैक्ट फाइल
मूंग के पंजीकृत किसान - 47,907
रकबा -1,05,783.95 हेक्टेयर
उड़द के पंजीकृत किसान - 3,993
रकबा - 6,113.61 हेक्टेयर