
Abhishek Banerjee: संसद की बैठक फिर से शुरू होने से पहले ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITC) के सांसद अभिषेक बनर्जी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। पत्र के जरिए उन्होंने 30 नवंबर को सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने से पहले पार्टी के चीफ व्हिप कल्याण बनर्जी का निलंबन समाप्त करने की अपील की है। कल्याण बनर्जी को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए 22 जुलाई को सदन की सेवा से निलंबित किया गया था।
ओम बिरला को लिखे पत्र में अभिषेक बनर्जी ने निलंबन जारी रहने का कारण स्पष्ट करते हुए बताया कि सत्र को 13 अगस्त 2026 को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया था, लेकिन इसका सत्रावसान नहीं हुआ है। ऐसे में 30 नवंबर 2026 को सदन की बैठक फिर से शुरू होने के बावजूद निलंबन प्रभावी बना हुआ है।
अभिषेक ने आगे लिखा कि इस निलंबन से कल्याण बनर्जी के संसदीय कर्तव्यों पर असर पड़ेगा। वे संसद की कार्यवाही में शामिल होने से वंचित हो जाएंगे। इससे वे निर्वाचित सदस्य तथा एआईटीसी के चीफ व्हिप के रूप में अपनी जिम्मेदारियां नहीं निभा पाएंगे। इसमें संसदीय कामकाज में पार्टी की भागीदारी का समन्वय करना भी शामिल है।
उन्होंने लिखा कि निलंबन न केवल सदन की कार्यवाही में कल्याण बनर्जी की भागीदारी को सीमित करेगा, बल्कि पार्टी की संसदीय गतिविधियों में समन्वय करने सहित चीफ व्हिप के रूप में उनकी जिम्मेदारियां निभाने से भी रोकेगा। इसके साथ ही उन्होंने लोकसभा में प्रक्रिया तथा कार्य संचालन के नियम 374(2) का भी हवाला दिया। इसमें बताय गया है कि सदन किसी भी समय, प्रस्ताव रखे जाने पर, किसी सदस्य के निलंबन को समाप्त कर सकता है।
टीएमसी के सांसद कल्याण बनर्जी को महिला सांसदों के प्रति कथित असंसदीय और अनुचित भाषा के इस्तेमाल के आरोप में 22 जुलाई 2026 को मानसून सत्र की शेष अवधि के लिए लोकसभा से निलंबित किया गया था। इससे पहले केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने लोकसभा में एक प्रस्ताव पेश कर संसद के चल रहे मानसून सत्र के शेष हिस्से के लिए कल्याण बनर्जी के निलंबन की मांग की थी।