आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में चार अलग-अलग सड़क हादसों में 8 लोगों की मौत और कई घायल हुए। इन दुर्घटनाओं ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में आज (शुक्रवार) एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अलग-अलग चार दुर्घटनाओं में कुल आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है।
आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम जिले के डोर्नाला के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक पर्यटक बस मिनी लॉरी से टकरा गई। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि गुजरात के राजकोट से श्रीशैलम जा रही इस बस में करीब 40 यात्री सवार थे। रास्ते में बस का टायर अचानक पंचर हो गया, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और बस सड़क किनारे खड़ी खराब डीसीएम (मिनी लॉरी) से जा भिड़ी। घटना के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को डोर्नाला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।
दूसरा हादसा अनकापल्ली जिले के पोथीरेड्डीपालेम जंक्शन पर हुआ, जहां एक निजी ट्रैवल बस ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। यह दुर्घटना तड़के उस समय हुई जब तीनों युवक पुरुषोत्तमपुरम गांव में लगे मेले से लौट रहे थे। दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे ने येलमंचिली के अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान आई. गोविंदु (25), बंगारु नानी (24) और बंगारु दुर्गाप्रसाद (16) के रूप में हुई है, जो पेंटिंग का काम करते थे।
तीसरा हादसा एनटीआर जिले में सामने आया, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़ी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, पांच लोग कैटरिंग का काम कर नुजविदु से तिरुवुरु लौट रहे थे। लक्ष्मीपुरम-नुजविदु हाईवे पर दो लोग बाइक से उतर गए थे, तभी यह हादसा हुआ। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान नक्का ईश्वर (16) और मदुगु सनी (17) के रूप में हुई है।
वहीं पड़ोसी राज्य तेलंगाना में करीमनगर-पेद्दापल्ली बाइपास पर एक कार सड़क किनारे खड़ी लॉरी से टकरा गई। इस दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है।