
पणजी। आम आदमी पार्टी (AAP) ने E20 पेट्रोल के खिलाफ गोवा में टाउनहॉल मीटिंग आयोजित की। इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने 29 ऑटोमोबाइल कंपनियों को पत्र लिखकर पूछा था कि क्या 2023 से पहले निर्मित पेट्रोल वाहनों में E20 ईंधन का सुरक्षित इस्तेमाल किया जा सकता है। उनके मुताबिक, किसी भी कंपनी की ओर से उन्हें लिखित जवाब नहीं मिला।
केजरीवाल ने बताया कि इसके बाद उन्होंने कंपनियों से फोन पर संपर्क किया। इस दौरान नौ कंपनियों के अधिकारियों ने उनसे बातचीत की। केजरीवाल के अनुसार, अधिकारियों ने अपनी पहचान और कंपनियों के नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर उनसे बात की।
केजरीवाल ने दावा किया कि बातचीत के दौरान अधिकारियों ने E20 ईंधन को लेकर गंभीर चिंता जताई। उनके मुताबिक, अधिकारियों ने कहा कि 2023 से पहले निर्मित पेट्रोल कारों, स्कूटर और मोटरसाइकिलों में E20 का इस्तेमाल वाहनों के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने दावा किया कि इन अधिकारियों ने सार्वजनिक रूप से इस मुद्दे पर बोलने में असमर्थता जताई। केजरीवाल के मुताबिक, अधिकारियों ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की ओर से कंपनियों पर भारी दबाव है। E20 के खिलाफ सार्वजनिक बयान देने पर ED, CBI या आयकर विभाग की कार्रवाई का डर उन्हें बना रहता है।
केजरीवाल ने दावा किया कि अधिकारियों ने बातचीत के दौरान यह भी बताया कि E20 के खिलाफ आवाज उठाने पर कंपनियों को अलग-अलग तरीकों से परेशान किए जाने का डर है। उन्होंने यहां तक दावा किया कि कुछ कंपनियों को अपने प्लांट बंद होने की आशंका भी है। हालांकि, केजरीवाल की ओर से इन दावों के समर्थन में संबंधित कंपनियों या अधिकारियों की पहचान, लिखित बयान अथवा कोई स्वतंत्र दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया गया है। ऐसे में इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
केजरीवाल ने गोवा में आयोजित E20 विरोधी टाउनहॉल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोवा के करीब 87 फीसदी परिवारों के पास दोपहिया वाहन हैं। ऐसे में E20 से बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हो रहे हैं। केजरीवाल ने आरोप लगाया कि सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों की शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। AAP संयोजक ने कहा कि टाउनहॉल में लोगों ने तय किया है कि आगामी गोवा विधानसभा चुनाव में यदि भाजपा को हराया जाता है तो E20 पेट्रोल को तत्काल वापस लिया जाएगा।
AAP संयोजक ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी में इतना अहंकार आ गया है कि उसे लगता है कि वह जनता पर कोई भी नीति थोप सकती है और इसके बावजूद चुनाव जीत जाएगी। उन्होंने कहा कि जब भाजपा की हार का सिलसिला शुरू होगा तो उसे जनता की बात सुननी पड़ेगी। केजरीवाल ने कहा कि E20 पेट्रोल को लेकर लोगों की चिंताओं को सरकार को गंभीरता से लेना चाहिए और इसके प्रभावों को लेकर जनता को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए।