राष्ट्रीय

‘चीन आर्टिफिशियल सूरज बना रहा और पीएम मोदी छात्रों पर FIR कराने में बिजी हैं’, अरविंद केजरीवाल का सरकार पर बड़ा हमला

Arvind Kejriwal on Students FIR: छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। जानें उन्होंने क्या कहा है?
2 min read
• •
Jul 30, 2026
Arvind Kejriwal, PM Modi, Students FIR, China Artificial Sun, AAP, Arvind Kejriwal Statement,
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल। (फाइल फोटो: IANS)

Arvind Kejriwal on PM Modi: आम आदमी पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने छात्रों के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। अपने वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि एक तरफ चीन आर्टिफिशियल सन जैसी अत्याधुनिक तकनीक विकसित कर रहा है वहीं भारत में प्रधानमंत्री युवा छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने में व्यस्त हैं। केजरीवाल ने कहा कि देश को विज्ञान, शिक्षा और युवाओं के भविष्य पर ध्यान देने की जरूरत है।

चीन की उपलब्धि से की भारत की तुलना

अरविंद केजरीवाल ने अपने वीडियो संदेश में चीन की तकनीकी प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि वहां आर्टिफिशियल सूरज विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना में न्यूक्लियर फ्यूजन तकनीक के जरिए उसी तरह ऊर्जा पैदा करने की कोशिश की जा रही है जैसी सूरज में होती है। केजरीवाल ने कहा कि यह परियोजना साल 2030 तक पूरी हो सकती है। इसके बाद उन्होंने भारत में छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने का मुद्दा उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

सरकार की प्राथमिकताओं पर उठाए सवाल

केजरीवाल ने कहा कि एक तरफ चीन भविष्य की तकनीकों पर काम कर रहा है जबकि भारत में बुनियादी समस्याएं अब भी बनी हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सड़कों, पुलों और शहरों की मूलभूत सुविधाओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि एक बारिश में शहरों की स्थिति खराब हो जाती है और कई जगह कूड़े की समस्या बनी रहती है। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार विधायकों की खरीद-फरोख्त, राजनीतिक दलों को तोड़ने, वोटर लिस्ट में गड़बड़ी कराने और छात्रों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि देश को ऐसी सोच वाले नेतृत्व की जरूरत है जो भविष्य की चुनौतियों और युवाओं के विकास पर ध्यान दे।

पहले भी कई मुद्दों पर सरकार को घेर चुके हैं केजरीवाल

इससे पहले भी अरविंद केजरीवाल केंद्र सरकार के फैसलों और नेताओं के बयानों पर सवाल उठाते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने 20 प्रतिशत एथेनॉल वाले पेट्रोल (E-20) की नीति का विरोध करते हुए कहा कि इसे बिना तैयारी के लागू किया जा रहा है जिससे आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ेगा। इसके अलावा, उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अलग-अलग बयानों पर निशाना साधते हुए कहा था कि इनकी वजह से लोगों में भ्रम फैल रहा है।