राष्ट्रीय

Assam By-Election: असम की नागांव लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने दिया पूर्व MLA को टिकट, 6 अक्टूबर को होगा मतदान

Nagaon Lok Sabha seat: असम की नागांव लोकसभा सीट के आगामी उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है।
2 min read
Sep 14, 2026
Assam Nagaon by-election
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और नेता विपक्ष राहुल गांधी (फोटो- IANS)

Assam Nagaon By-Election: असम की नागांव लोकसभा सीट पर होने वाले आगामी उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने बड़ा फैसला किया है। पार्टी ने पूर्व विधायक सिबामोनी बोरा को अपना उम्मीदवार बनाया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उनके नाम को मंजूरी दे दी है। पार्टी की ओर से जारी प्रेस रिलीज में इस फैसले की जानकारी दी गई है।

AICC ने जारी की प्रेस रिलीज

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) ने प्रेस रिलीज जारी कर बताया कि पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सिबामोनी बोरा की उम्मीदवारी को मंजूरी दी है। प्रेस रिलीज पर कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर हैं। सिबामोनी बोरा पहले असम में विधायक भी रह चुकी हैं।

6 अक्टूबर को होगा मतदान

भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने इससे पहले 7 सितंबर को उपचुनाव की घोषणा की थी। असम की नागांव लोकसभा सीट पर भी 6 अक्टूबर को मतदान होगा। इसके साथ ही बंगाल, तमिलनाडु और पुड्डुचेरी की पांच विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव कराए जाएंगे। चुनाव के नतीजों की गिनती 9 अक्टूबर को होगी।

प्रद्युत बारदोलोई ने खाली की थी सीट

नागांव लोकसभा सीट प्रद्युत बारदोलोई के कारण खाली हुई थी। उन्होंने साल 2024 में कांग्रेस के टिकट पर इस सीट से लोकसभा चुनाव जीता था। बाद में वह बीजेपी में शामिल हो गए। हाल में हुए विधानसभा चुनाव में उन्होंने दिसपुर सीट से जीत हासिल की। वहीं, बंगाल में नंदीग्राम सीट पर उपचुनाव होंगे क्योंकि यह सीट बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तरफ से रिक्त की गई थी।

कौन हैं सिबामोनी बोरा?

सिबामोनी बोरा कांग्रेस पार्टी की नेता और पूर्व विधायक हैं। वह साल 2021 के असम विधानसभा चुनाव में बटाद्रोबा विधानसभा क्षेत्र से चुनी गई थीं। वह पूर्व विधायक किरण बोरा की बेटी हैं और असम के पूर्व मुख्यमंत्री गोलाप बोरबोरा की बहू भी रह चुकी हैं। सिबामोनी बोरा ने साल 1980 में नौगोंग कॉलेज से बीएससी की पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने साल 1982 में गुवाहाटी यूनिवर्सिटी से एमएससी की डिग्री हासिल की।

32,820 वोटों से मिली थी जीत

साल 2021 के विधानसभा चुनाव में सिबामोनी बोरा ने बटाद्रोबा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। उन्हें 84,278 वोट मिले थे। उन्होंने उस चुनाव में मौजूदा विधायक अंगूरलता डेका को 32,820 वोटों से हराया था।

Updated on:
14 Sept 2026 10:16 pm
Published on:
14 Sept 2026 10:16 pm