Attack On Shashi Tharoor Convoy: केरल के मलप्पुरम में कांग्रेस सांसद शशि थरूर के काफिले पर हमला, गनमैन और ड्राइवर से मारपीट। थरूर सुरक्षित रहे। एक आरोपी हिरासत में, बाकी की तलाश जारी। घटना चुनावी कार्यक्रम के दौरान हुई।
Shashi Tharoor: कांग्रेस सांसद के साथ चुनाव प्रचार के दौरान एक दुखद घटना घट गई। प्रचार के दौरान दो कारों में सवार 8 लोगों ने थरूर के सुरक्षाकर्मी के साथ बदतमीजी और मारपीट की। मारपीट करने वालों ने पहले थरूर की गाड़ी को रोक लिया और उसके बाद सुरक्षाकर्मी के साथ मारपीट की। गाड़ी को रोककर उसके शीशे को जोर-जोर से पीटना शुरू कर दिया। जिसके बाद इस मामले कीसूचना पुलिस को दी गई। इस घटना में कांग्रेस नेता को किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई। अब थरूर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके अपने शुभचिंतकों का धन्यवाद किया है।
घटना के बाद Shashi Tharoor ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अपने समर्थकों का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा कि इस घटना में उनके सुरक्षा कर्मी पर हमला हुआ, लेकिन वह अब ठीक हैं और खुद उन्हें कोई चोट नहीं आई। थरूर ने यह भी कहा कि इस घटना के बावजूद उनका कार्यक्रम नहीं रुका। उन्होंने तय कार्यक्रम के मुताबिक आगे की रैलियां और कार्यक्रम भी पूरे किए।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वंडूर इलाके के चेल्लिथोडे के पास हुई। एफआईआर के मुताबिक, आरोपी दो गाड़ियों में सवार होकर आए थे और उन्होंने सांसद के काफिले की गाड़ी को रास्ते में रोक दिया। सड़क संकरी थी, ऐसे में काफिले को आगे बढ़ने में दिक्कत हो रही थी। जब थरूर के गनमैन ने सामने वाली गाड़ी को थोड़ा आगे बढ़ने के लिए कहा, तो बात अचानक बिगड़ गई। देखते ही देखते गनमैन और ड्राइवर पर हमला कर दिया गया। दोनों के साथ मारपीट की गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। बाकी लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें जल्द पकड़ने की बात कही जा रही है। यह मामला थरूर के गनमैन रतीश के पी की शिकायत पर दर्ज किया गया है। वंडूर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कांग्रेस नेता केरल में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। वे अलग-अलग उम्मीदवारों के लिए वोट मांग रहे हैं।