राष्ट्रीय

त्रिपुरा में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश, BSF की फायरिंग में बांग्लादेशी युवक की मौत

त्रिपुरा में सीमा पर बीएसएफ की गोलीबारी में एक बांग्लादेशी युवक की मौत हो गई। आरोप है कि युवक तस्करी कर रहा था। इसी दौरान बीएसएफ की गोलीबारी में मारा गया। पढ़ें पूरी खबर...

less than 1 minute read
Jun 14, 2026
BSF
सीमा सुरक्षा बल (फोटो- IANS)

त्रिपुरा में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा पर BSF की फायरिंग में एक बांग्लादेशी युवक की मौत हो गई। सीमा सुरक्षा बल के मुताबिक बांग्लादेशी युवक मुजीबुर रहमान मुजीब (26) अवैध तरीके से भारत में दाखिल होने की कोशिश कर रहा था। जब बीएसएफ के जवानों ने तस्करों को रोकने की कोशिश की तो मुजीब और उसके दोस्तों ने सुरक्षा बलों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रावई में मुजीबुर रहमान की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके कई साथी बांग्लादेश की तरफ भाग गए।

घटना में कम से कम तीन और लोग घायल

स्थानीय लोगों का दावा है कि इस घटना में कम से कम तीन अन्य लोग घायल हुए हैं, हालांकि अभी तक इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद, सुरक्षा बलों ने सीमावर्ती इलाके से तस्करी के लिए जमा की गई बड़ी मात्रा में बीड़ी (हाथ से बनी सिगरेट) बरामद की। शव को रात करीब 9:30 बजे बरामद किया गया और कैलाशहर के भगवाननगर स्थित उनाकोटी जिला अस्पताल लाया गया।

उनाकोटी जिला अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट रोहन पाल ने बताया कि BSF के जवानों और ईरानी पुलिस स्टेशन की पुलिस ने संयुक्त रूप से शव को अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने बताया कि हालांकि घटना दोपहर में हुई थी, लेकिन जरूरी कानूनी औपचारिकताएं रात भर में पूरी नहीं हो सकीं। नतीजतन, फोरेंसिक विशेषज्ञ सुरंजन दास के नेतृत्व में एक मेडिकल टीम ने शनिवार दोपहर 3:30 बजे पोस्टमार्टम किया।

बांग्लेदश की आर्मी को सौंपा शव

इस बीच बांग्लादेशी समकक्षों के साथ फ्लैग मीटिंग के बाद BSF अधिकारियों ने शनिवार शाम 6:30 बजे कैलाशहर में मनु लैंड कस्टम्स परिसर में मृतक के शव को बांग्लादेशी सीमा प्रहरियों को सौंप दिया।

Published on:
14 Jun 2026 07:16 am