
नई दिल्ली। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच नई रेल सेवा शुरू हो गई है। सरयू कमला एक्सप्रेस के नाम से चलने वाली यह ट्रेन उत्तर प्रदेश के अयोध्या को नेपाल के जनकपुर धाम से सीधे जोड़ेगी। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 19 घंटे लगेंगे। इस रेल सेवा से श्रद्धालुओं और पर्यटकों को दोनों धार्मिक स्थलों के बीच यात्रा करने में आसानी होगी। खास बात यह है कि यात्रियों को रास्ते में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इस ट्रेन को पीएम नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने सोमवार को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शाह इन दिनों नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता के लिए भारत आए हुए हैं।
वहीं, सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मित्र राष्ट्र नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के कर-कमलों से सोमवार को प्रभु श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या धाम और माता जानकी की जन्मस्थली जनकपुर धाम के मध्य सीधी रेल सेवा का शुभारंभ होगा। प्रभु श्रीराम की कृपा से त्रेतायुग की स्मृतियों को जीवंत करने वाले इस पावन अवसर का साक्षी बनने के लिए मुझे अयोध्या धाम में उपस्थित रहने का सुअवसर प्राप्त हो रहा है।
उन्होंने कहा कि युगों से अक्षुण्ण भारत और नेपाल का यह आत्मीय एवं सांस्कृतिक संबंध अब आधुनिक रेल संपर्क से और अधिक सुदृढ़ होगा। यह ऐतिहासिक पहल आदरणीय प्रधानमंत्री जी के 'विरासत भी, विकास भी' और 'नेबरहुड फर्स्ट' के संकल्प का जीवंत प्रमाण है। इससे दोनों देशों के करोड़ों श्रद्धालुओं की तीर्थयात्रा सुगम होगी तथा धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक एकात्मता और क्षेत्रीय समृद्धि को भी नई गति मिलेगी। अवध को मिथिला से एकाकार करने वाले इस पावन उपहार के लिए सभी रामभक्तों को हृदय से बधाई! जय श्री सीताराम।
रेलवे के अनुसार, सरयू कमला एक्सप्रेस का नियमित संचालन 28 नवंबर से शुरू होगा। यह ट्रेन सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में चलेगी। हालांकि, इसकी पहली यात्रा सोमवार को विशेष ट्रेन संख्या 04295 के रूप में संचालित की गई। यह ट्रेन दोपहर 12:30 बजे अयोध्या धाम से रवाना हुई।
सरयू कमला एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 15596) अयोध्या से जनकपुर धाम के बीच प्रत्येक सोमवार को चलेगी।
प्रस्थान: अयोध्या कैंट से शाम 5:50 बजे।
आगमन: जनकपुर धाम मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे (नेपाल समय) पहुंचेगी।
जनकपुर धाम से अयोध्या वापसी का समय (ट्रेन संख्या 15595)
जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए ट्रेन प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी।
प्रस्थान: जनकपुर धाम से दोपहर 1:10 बजे (नेपाल समय)।
आगमन: अयोध्या कैंट रविवार सुबह 8:10 बजे पहुंचेगी।
करीब 604 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग पर ट्रेन का ठहराव 10 स्टेशनों पर होगा। इनमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। सीधी रेल सेवा शुरू होने से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के बीच आवागमन आसान होगा। खासकर रामायण परंपरा से जुड़े धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा।
अयोध्या और जनकपुर धाम का रामायण परंपरा में विशेष धार्मिक महत्व है। अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि माना जाता है, जबकि नेपाल के जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में मान्यता प्राप्त है। इस रेल सेवा से 'रामायण सर्किट' को मजबूती मिलने और दोनों देशों के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही, इससे उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के सीमावर्ती इलाकों में व्यापार, स्थानीय व्यवसायों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।