राष्ट्रीय

B से बीड़ी, B से बिहार, केरल कांग्रेस के ट्वीट ने खड़ा किया सियासी तूफान, JDU-BJP ने घेरा

बिहार में कांग्रेस राहुल गांधी के वोटर अधिकार यात्रा के जरिए विधानसभा चुनाव से पहले सियासी नैरेटिव गढ़ने की कोशिश में थी, लेकिन उसके नैरेटिव को एक बार फिर झटका लगा है। केरल कांग्रेस के 'B से बीड़ी, B से बिहार' वाले पोस्टर को बीजेपी और जदयू ने बिहारी अस्मिता के अपमान से जोर दिया है।
2 min read
Sep 05, 2025
There was a ruckus over the post of Kerala Congress
केरल कांग्रेस के पोस्ट पर मचा बवाल (फोटो-IANS)

बिहार (Bihar) में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव (Assembly Election) होने वाले हैं। पहले कांग्रेस-राजद के मंच से पीएम मोदी को मां की गाली और अब केरल कांग्रेस के GST पर किए गए पोस्ट ने राहुल गांधी और कांग्रेस हाईकमान को फंसा दिया है। इन दो बयानों से राहुल की वोटर अधिकार यात्रा के पॉजिटिव रिस्पॉन्स को तगड़ा झटका मिल सकता है। बीजेपी और जदयू ने भी इसे सियासी मुद्दा बनाना शुरू कर दिया है। बीते गुरुवार को बीजेपी ने 'मां की गाली' वाले मुद्दे पर बिहार बंद का आह्वान करार दिया था, तो वहीं केरल कांग्रेस के पोस्ट को बिहार की अस्मिता का अपमान करार दिया है। बीजेपी और जदयू के नेता राजद और कांग्रेस पर हमलावर हैं।

क्या था केरल कांग्रेस के पोस्टर में?

केरल कांग्रेस ने 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि 'बीड़ी' और बिहार शब्द 'बी' से शुरू होते हैं। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता। साथ ही उन्होंने जीएसटी का स्लैब भी शेयर किया, जिसमें तंबाकू, सिगार और सिगरेट पर जीएसटी 28 प्रतिशत से बढ़ाकर 40 प्रतिशत कर दिया गया है, जबकि बीडी पर टैक्स 28 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया गया है।

यह बिहार की अस्मिता का अपमान है

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने केरल कांग्रेस की इस पोस्ट को बिहार की अस्मिता का अपमान करार दिया है। उन्होंने X पर लिखा, 'पहले हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान, यही है कांग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है।'

कांग्रेस ने बिहारियों की तुलना बीड़ी से की

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि यह बिहार की जनता का घोर अपमान है। कांग्रेसियों ने बिहारियों की तुलना बीड़ी से की है। पहले भी तेजस्वी यादव और राहुल गांधी, रेवंत रेड्डी जैसे लोगों का साथ देते रहे हैं, जो बिहार और बिहारियों को गाली दी थी। कांग्रेस बिहार विरोधी है। राजद बिहार विरोधी है।

उजागर हुई कांग्रेस की मानसिकता

बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कांग्रेस द्वारा बीड़ी की तुलना बिहार से करने पर कहा कि इससे कांग्रेस की मानसिकता उजागर हुई है कि वह बिहार और बिहारी के बारे में क्या सोचते हैं। आज बिहार की जनता खुद को अपमानित महसूस कर रही है और कांग्रेस से सवाल कर रही है कि बिहारी के प्रति यह मानसिकता क्या है। बिहार के प्रति कांग्रेस की जो सोच है, यह दिखता है।

जदयू कार्यकारी अध्यक्ष ने बताया शर्मनाक हरकत

जदयू के राज्यसभा सांसद व कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने इसे शर्मनाक हरकत करार दिया है। संजय झा ने कहा कि आपको (कांग्रेस) बता दें कि बी बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है। बी से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगी है।

उन्होंने कहा कि बिहार का मजाक बनाने की नीचता कर कांग्रेस ने न केवल बिहारवासियों का फिर से अपमान किया है, बल्कि देश के गौरवशाली इतिहास और लोकतंत्र का भी मजाक बनाया है। उन्होंने कहा है कि इसी बिहार की पावन भूमि पर आदिशक्ति मां जानकी प्रकट हुई थीं। यहीं आकर भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था। बिहार ने संविधान का पहला मसौदा और पहला राष्ट्रपति दिया है। इसी बिहार ने गांधी जी को राष्ट्रपिता बनाया और इसी बिहार ने संपूर्ण क्रांति का बिगुल भी फूंका।

Updated on:
05 Sept 2025 01:41 pm
Published on:
05 Sept 2025 01:41 pm