
पंजाब के बटाला में भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। बिट्टू पठानकोट में भाजपा की ओर से आयोजित 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान घासीतपुर गांव के पास कुछ लोगों ने उनके काफिले पर अंडे और टमाटर फेंके। बिट्टू ने आरोप लगाया कि उनकी गाड़ियों पर पत्थर भी फेंके गए और कुछ वाहनों के शीशे टूटे हैं। इस घटना को लेकर भाजपा सांसद राघव चड्ढा ने भी ‘आप’ सरकार को आड़े हाथों लिया।
घटना के बाद भाजपा सांसद राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि AAP सरकार घबराई और डरी हुई है, इसलिए भाजपा नेता रवनीत सिंह बिट्टू को निशाना बनाने की कोशिश की जा रही है।
चड्ढा ने पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि Z-प्लस सुरक्षा प्राप्त पूर्व मंत्री के साथ ऐसी घटना हो सकती है तो आम आदमी की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े होते हैं।
रवनीत बिट्टू ने कहा कि आज हमें ड्रग्स के खिलाफ एक यात्रा निकालनी थी, क्योंकि आम आदमी पार्टी की सरकार और ड्रग एडिक्ट्स सब मिले हुए हैं। वे पिछले साढ़े चार साल से यही कर रहे हैं। वहां करीब 500 लोग थे। मैं अपनी गाड़ी से उनके बीच से गुजरा। मेरे पास जेड-प्लस सिक्योरिटी है और मेरे साथ करीब 100 सुरक्षाकर्मी होते हैं। सुरक्षा के लिए स्थानीय डीएसपी और एसपी भी पुलिस के साथ वहां मौजूद थे।
उन्होंने तीन लोगों को पकड़ने का दावा करते हुए कहा कि इन लोगों को फोन जब्त कर लिए गए हैं। उनके फोन चालू हैं, जिन पर लगातार कहा जा रहा था कि 'उन्हें घेरो, उन्हें मारो, उनकी जान ले लो।' उन्होंने गाड़ियों पर हमला किया और गाड़ियों की खिड़कियां तोड़ दीं। अंडे और टमाटर तो छोटी बात है। उनमें से कुछ के पास हथियार भी थे।
बिट्टू ने कहा कि जब हमला किया गया तो सुरक्षाकर्मियों ने दो लोगों को पकड़ा। बाकी अन्य लोग वहां से भाग गए थे। ये लोग दोबारा हमला करने आए थे। इस समय कुछ लोग फिर पकड़े गए। ये लोग प्लानिंग के तहत हमला करने आए थे। इन लोगों के फोन हमारे पास हैं। इनके फोन सारे राज खोलेंगे। हम जांच के लिए फोन भेजेंगे। आरोपियों के बारे में उन्होंने कहा कि इनका कोई कसूर नहीं है। ये लोग अपनी पार्टी के कार्यकर्ता हैं।