राष्ट्रीय

हरियाणा पहुंची कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा, जानिए तीन दिन का पूरा शेड्यूल

Bharat Jodo Yatra in Haryana: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा आज हरियाणा में प्रवेश कर गई है। हरियाणा में राहुल गांधी के नेतृत्व में निकली कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा तीन दिन तक रहेगी। 24 दिसंबर की सुबह भारत जोड़ो यात्रा बदरपुर बॉर्डर के जरिए दिल्ली में प्रवेश करेगी।

2 min read
Bharat Jodo Yatra Enters Haryana know three days full Schedule
Bharat Jodo Yatra Enters Haryana know three days full Schedule

Bharat Jodo Yatra in Haryana: राजस्थान की यात्रा पूरी कर आज यानि 21 दिसंबर को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा में प्रवेश कर गई। हरियाणा में यह यात्रा तीन दिन रहेगी। राजस्थान से हरियाणा में प्रवेश करते हुए हरियाणा कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। जिन्होंने हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा का स्वागत किया है। तीन दिन हरियाणा में रहने के बाद 24 दिसंबर की सुबह भारत जोड़ो यात्रा बदरपुर बॉर्डर के जरिए दिल्ली में प्रवेश करेगी। हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा के प्रवेश के बाद राहुल गांधी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा आज दो विचारधाराओं के बीच की लड़ाई है। एक जो कुछ चुनिंदा लोगों को फायदा पहुंचाती है, जबकि दूसरी अन्य लोगों, किसानों और मजदूरों की आवाज उठाती है। राहुल ने आगे कहा कि मैं इस यात्रा से नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोल रहा हूं।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने किया स्वागत
भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में प्रवेश के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला, दीपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी के प्रदेश प्रमुख उदय भान सहित अन्य वरिष्ठ नेताओं ने यात्रा में शामिल नेताओं-कार्यकर्ताओं का स्वागत किया। हरियाणा में यह यात्रा 23 दिसंबर तक अलग-अलग इलाकों से गुजरेगी। फिर 24 की सुबह दिल्ली में प्रवेश करेगी।

नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोल रहा हूंः राहुल
बुधवार को भारत जोड़ो यात्रा के हरियाणा में प्रवेश के बाद नूंह जिले में एक सभा को संबोधित करते हुए गांधी ने कहा कि देश में दो विचारधाराओं के बीच लड़ाई कोई नई बात नहीं है यह हजारों साल से चली आ रही है। भाजपा के नेताओं के उनके पदयात्रा पर सवाल उठाने पर गांधी ने कहा कि वे पूछते हैं कि कन्याकुमारी से यात्रा शुरू करने की क्या जरूरत थी। गांधी ने कहा कि मैं भारत जोड़ो यात्रा के जरिए नफरत के बाजार में प्यार की दुकान खोल रहा हूं।

हरियाणा में भारत जोड़ो यात्रा का शेड्यूल
आज 21 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा हरियाणा के नूंह जिले में है। 22 दिसंबर को भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन गोहाना बॉर्डर से शुरू होगा। राहुल गांधी के साथ प्रदेश कांग्रेस के तमाम नेता गोहाना बॉर्डर से फिरोजपुर नमक तक 14.4 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेंगे। यहां विश्राम करने के बाद शाम को घासेड़ा से यात्रा एक बार फिर से शुरू होगी और 13 किलोमीटर चलने के बाद राहुल गांधी सोहना के अंबेडकर चौक पहुंचेंगे। हरियाणा में दूसरे दिन की यात्रा में रात का ठहराव लुखवास में होगा।

23 दिसंबर को कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की शुरुआत सोहना के वेस्टिन चौक से होगी। यहां से 16 किलोमीटर चलने के बाद यात्रा पाखल पहुंचेगी और यहीं विश्राम होगा। शाम को पाली गांव से यात्रा एक बार फिर चलेगी और 16 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद शाम को बड़खल मोड़ पर पहुंचेगी। यहां भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन का समापन होगा। रात्रि ठहराव के बाद 24 दिसंबर की सुबह यात्रा बदरपुर बॉर्डर से होते हुए दिल्ली में प्रवेश कर जाएगी।

यह भी पढ़ें - भारत जोड़ो यात्रा के 100 दिन पूरे, राहुल गांधी की यात्रा ने कांग्रेस को कितना किया मजबूत?

Published on:
21 Dec 2022 10:49 am