
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फ्लाइट रद्द होने के बाद एक महिला यात्री के हंगामे का मामला सामने आया है। दरअसल, फ्लाइट रद्द होने पर महिला गुस्सा हो गई और एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, जिसकी कीमत करीब 49 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में एयरफील्ड थाने में महिला के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज कराई गई है।
शिकायत के मुताबिक, महिला यात्री की पहचान ममोनी खरात के रूप में हुई है। वह इंडिगो की फ्लाइट 6E 7352 से भुवनेश्वर से कोलकाता जाने वाली थी। तकनीकी खराबी के चलते फ्लाइट रद्द होने के बाद महिला कथित तौर पर अपना आपा खो बैठी और डिपार्चर लाउंज में हंगामा करने लगी।
एयरफील्ड पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, यह घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे हुई। उस समय मौके पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), इंडिगो और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के अधिकारी मौजूद थे।
आरोप है कि महिला ने एयरपोर्ट परिसर में लगे मॉनिटर, कीबोर्ड और पासपोर्ट स्वाइपिंग मशीन को नुकसान पहुंचाया। AAI के मुताबिक, क्षतिग्रस्त उपकरणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 49 हजार रुपये है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुलिस से मामले में उचित कार्रवाई करने और नुकसान की रकम महिला से वसूलने का अनुरोध किया है।
घटना का वीडियो सोसल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में महिला और एयरपोर्ट कर्मचारियों के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। फ्लाइट रद्द होने के बाद एयरपोर्ट के अंदर कथित तौर पर तोड़फोड़ और हंगामे का दृश्य भी वीडियो में नजर आता है।
इंडिगो ने बताया कि 13 अगस्त 2026 को भुवनेश्वर से कोलकाता जाने वाली फ्लाइट 6E 7352 को विमान की अनिवार्य प्री-डिपार्चर जांच के दौरान तकनीकी खराबी का पता चलने के बाद रद्द किया गया था।
एयरलाइन के मुताबिक, यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए उन्हें नियमित अपडेट, रिफ्रेशमेंट, ठहरने की व्यवस्था और वैकल्पिक यात्रा या लागू नियमों के अनुसार पूर्ण रिफंड जैसे विकल्प उपलब्ध कराए गए थे।
इंडिगो ने कहा कि एक यात्री द्वारा एयरपोर्ट की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बाद उसे अनियंत्रित यात्री (Unruly Passenger) घोषित किया गया और निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया गया। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और सुविधा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।