NEET 2024 Paper Leak : पुलिस जांच में दावा किया गया कि उसे गेस्ट हाउस में इसलिए ठहराया गया, ताकि उसे बाद में तय जगह ले जाकर नीट के लीक हुए पेपर से सवाल दिखाकर जवाब रटाया जा सके। पुलिस के मुताबिक नीट पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड और दानापुर नगर परिषद में तैनात इंजीनियर सिकंदर यादवेंदु ने कुबूल किया कि उसके संबंध अमित आनंद से थे। अमित परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक कर बच्चों को याद करवाकर पास करवाता है।
NEET 2024: नीट-यूजी परीक्षा को लेकर विवाद में अब बिहार के एक मंत्री की एंट्री हो गई है। परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर बिहार में चल रही जांच में आरोपियों से पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि गिरफ्तार अभ्यर्थी अनुराग यादव अन्य अभ्यर्थियों के साथ पटना में एनएचएआइ के गेस्ट हाउस में रुका था। उसने अपने नाम के आगे मंत्री जी लिखवाया था। उसके ठहरने की व्यवस्था करने के लिए मंत्री ने बाकायदा पत्र लिखा था। बिहार सरकार ने पत्र की जांच के आदेश दिए हैं।
पुलिस जांच में दावा किया गया कि उसे गेस्ट हाउस में इसलिए ठहराया गया, ताकि उसे बाद में तय जगह ले जाकर नीट के लीक हुए पेपर से सवाल दिखाकर जवाब रटाया जा सके। पुलिस के मुताबिक नीट पेपर लीक मामले के मास्टरमाइंड और दानापुर नगर परिषद में तैनात इंजीनियर सिकंदर यादवेंदु ने कुबूल किया कि उसके संबंध अमित आनंद से थे। अमित परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक कर बच्चों को याद करवाकर पास करवाता है।
इसके लिए 30-32 लाख रुपए लेता था। यादवेंदु की तरह आरोपी अभ्यर्थी भी कबूल कर चुके हैं कि उन्हें परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र मिला था। इस आधार पर पुलिस पेपर लीक का केस दर्ज कर चुकी है। सवाल उठ रहा है कि गेस्ट हाउस में कमरा कौन-से मंत्री के कहने पर बुक कराया गया था। उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा का कहना है कि सॉल्वर गैंग के तार राजद से जुड़े हुए हैं। इस मामले में पकड़े गए लोग तेजस्वी यादव से जुड़े हैं।
आयुषी पटेल की याचिका खारिज
इलाहबाद हाईकोर्ट ने लखनऊ की नीट छात्रा आयुषी पटेल की ओर से एनटीए के खिलाफ याचिका को खारिज कर दिया। एनटीए की ओर दाखिल किए गए दस्तावेजों को देखने के बाद हाईकोर्ट ने पाया कि आयुषी पटेल ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर याचिका दाखिल की थी। याचिका में बताया गया था कि एनटीए ने उसे फटी हुई ओएमआर शीट भेजी थी और उसका रिजल्ट भी जारी नहीं किया गया।
कांग्रेस का कल देशभर में प्रदर्शन
नीट परीक्षा में गड़बड़ी को लेकर कांग्रेस सडक़ पर उतरने जा रही है। शुक्रवार को सभी प्रदेश मुख्यालयों पर प्रदेश कांग्रेस इकाइयों की ओर से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। कांग्रेस महासचिव के.सी.वेणुगोपाल ने बताया कि नीट-यूजी 2024 में अनियमितता, पेपर लीक और भ्रष्टाचार हुआ है। केंद्र सरकार चुप्पी साधे बैठी है। गुजरात, हरियाणा, बिहार में पेपर लीक के मामले दर्ज हो चुके हैं। सरकार की विफलता के कारण लाखों बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है।