राष्ट्रीय

गुस्साए चाचा ने की सारी हदें पार, 3 भतीजे-भतीजी को कटर से काटकर उतारा मौत के घाट

बिहार के औरंगाबाद में चाचा ने गुस्से में 3 भतीजे-भतीजी की कटर से काटकर हत्या कर दी उसके बाद आत्महत्या की कोशिश की।

2 min read
Mar 27, 2026
चाचा ने की भतीजे-भतीजी की हत्या (Video Screenshot)

औरंगाबाद जिले के हसपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ऐसी वारदात हुई है जिसे सुनकर रोंगटे खड़े हो जाएंगे। एक चाचा ने महज दरवाजा खोलने में थोड़ी देरी होने पर अपने ही तीन छोटे-छोटे भतीजे-भतीजियों को कटर मशीन से गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक बच्चों की पहचान 10 वर्षीय अनीश कुमार, 7 वर्षीय आयुष कुमार और 5 वर्षीय अनुष्का कुमारी के रूप में हुई है।

क्या है पूरा मामला?

आरोपी अमंत पाल (चाचा) शुक्रवार सुबह बाइक पर सवार होकर घर से बाहर गया था। लौटने पर उसने दरवाजा खटखटाया। उसकी भाभी अनीता देवी उस समय बाथरूम में थीं, जिसकी वजह से दरवाजा खुलने में कुछ देर हो गई। घर में घुसते ही अमंत पाल ने फुल वॉल्यूम पर स्पीकर बजाना शुरू कर दिया और फिर क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए कटर मशीन से एक-एक कर तीनों मासूम बच्चों का गला रेत दिया।

हत्या के बाद आत्महत्या की कोशिश

हत्या के बाद आरोपी ने खुद भी अपना गला काटकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के समय कमरे में चारों तरफ खून बिखरा पड़ा था। तीनों बच्चों के शव एक ही कमरे में बरामद किए गए, जबकि आरोपी पास ही घायल अवस्था में पड़ा था।

आरोपी की हालत गंभीर

लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाकर अमंत पाल को अस्पताल पहुंचाया। उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते डॉक्टरों ने उसे पटना रेफर कर दिया है। पुलिस अब आरोपी के ठीक होने के बाद उससे पूछताछ करेगी।

हत्या की असली वजह क्या थी?

पुलिस और परिवार के अनुसार, शुरुआती जानकारी में सिर्फ दरवाजा खोलने में देरी को वजह बताया जा रहा है। हालांकि, इतनी बड़ी क्रूरता के पीछे सिर्फ यही वजह हो, यह कई लोगों को संदिग्ध लग रहा है। आरोपी अमंत पाल की अभी शादी नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। मानसिक तनाव, किसी पुरानी रंजिश या कोई अन्य वजह हो सकती है। जांच पूरी होने के बाद ही असली कारण सामने आएगा।

सोशल मीडिया पर चर्चा

यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग चाचा की क्रूरता पर सवाल उठा रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि पुलिस जल्द से जल्द मामले की सच्चाई सामने लाए।

Also Read
View All

अगली खबर