27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किसानों के लिए अच्छी खबर, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा लोकसभा में बोले- देश में उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति

India Fertilizer Availability: केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लोकसभा को आश्वस्त किया कि भारत में उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति है। सरकार ने आयात विविधीकरण और संभावित कमी को पूरा करने के उपाय सुनिश्चित किए हैं।

2 min read
Google source verification
Union Ministe JP Nadda addressing Lok Sabha on adequate fertilizer supply amid Middle East conflict.

केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा (Photo - ANI)

Union Minister JP Nadda on India Fertilizer Availability: मध्य-पूर्व में ईरान अमेरिका इजरायल संघर्ष जारी रहने के बावजूद देश में उर्वरकों की पर्याप्त आपूर्ति है। लोकसभा में उर्वरक उपलब्धता से संबंधित प्रश्नों का उत्तर देते हुए केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा ने यह बात कही। उन्होंने लोकसभा को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार ने पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आगे कहा कि सरकार आयात के लिए कच्चे माल के स्रोतों के विविधीकरण की दिशा में भी प्रयास कर रही है। कई देशों के साथ दीर्घकालिक आयात समझौते किए गए हैं। साथ ही, सरकार सक्रिय फार्मास्युटिकल अवयवों (एपीआई) पर आयात निर्भरता को कम करने के प्रयास भी कर रही है।

मंत्री समूह की बैठक में भी हुई थी चर्चा

इससे पहले संसद में पश्चिम एशिया की बदलती स्थिति पर मंगलवार को मंत्रियों के समूह (जीओएम) की एक बैठक आयोजित की गई थी। इसमें विशेष रूप से उर्वरकों और उन पर पड़ने वाले संभावित प्रभाव पर चर्चा की गई।

सूत्रों के अनुसार, मंत्रियों ने उर्वरकों की उपलब्धता और आपूर्ति की समीक्षा की। समीक्षा में यह निष्कर्ष निकाला गया कि आगामी खरीफ मौसम के लिए तत्काल कोई कमी नहीं है, जिससे किसानों की आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित होगी। हालांकि, क्षेत्र में जारी संकट के कारण उर्वरक उत्पादन पर लगभग 0.6 से 0.9 मिलियन टन तक का प्रभाव पड़ने की संभावना है।

मंत्रियों के समूह ने संभावित कमी को दूर करने के लिए आकस्मिक उपायों पर भी चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, सरकार मोरक्को और अन्य वैश्विक आपूर्तिकर्ता देशों से आयात के माध्यम से इस कमी को पूरा करने की योजना बना रही है।

इस बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और स्वास्थ्य एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा सहित अन्य मंत्री उपस्थित थे।

मध्य-पूर्व में जंग चलते आपूर्ति बाधित

मध्य-पूर्व में अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच 28 फरवरी से संघर्ष जारी है। इसके चलते होर्मुज स्ट्रेट से माल ढुलाई प्रभावित हो रही है, जिससे कच्चे तेल और उर्वरकों सहित अन्य वस्तुओं की वैश्विक आपूर्ति में कमी आई है। इसका असर जमीनी स्तर पर उपलब्धता पर भी पड़ना शुरू हो गया है, जिसके कारण हाल के हफ्तों में कीमतों में वृद्धि देखी गई है।