राष्ट्रीय

NDA में सीट बंटवारे से नाखुश होने की बात को मांझी ने नकारा, कहा- हम पूरी तरह से संतुष्ट

केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने कहा कि वह एनडीए के सीट बंटवारे से खुश है। पीएम मोदी ने हमें काफी इज्जत दी है। वे हर तरह से गयाजी के विकास के लिए काम कर रहे हैं। गयाजी, बिहार और देश के विकास के लिए हम कोई भी कुर्बानी सहने को तैयार हैं।
2 min read
Oct 13, 2025
Union Minister Jitan Ram Manjhi
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी (फोटो- आईएएनएस)

बिहार विधानसभा चुनावों से पहले एनडीए के बीच सीट बंटवारा हो चुका है। इस बंटवारे के बाद एनडीए के कई साथी दलों को उनकी मन मुताबिक सीटें न मिलने की कई खबरें सामने आ रही है। साथ ही यह कयास भी लगाए जा रहे है कि गठबंधन के साथी दलों में इस बंटवारे को लेकर नाराजगी है। लेकिन इसी बीच संगठन के सभी साथी दलों के नेता खुलकर इस बंटवारे पर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे है और ज्यादातर सभी शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर संतुष्टि जता रहे है। इसी बीच अब हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी इस मामले पर बातचीत करते हुए सीट बंटवारे से नाखुश होने की सभी खबरों को गलत बताया है और यह साफ किया है कि वह उन्हें मिली सीटों से भी संतुष्ट हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं।

15 सीटों की मांग और मिली 6 सीटें

हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा ने 15 सीटों की मांग की थी, जबकि उन्हें सिर्फ छह सीटें मिली है। इस सीट बंटवारे पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मांझी ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भी हमारी पार्टी को दो लोकसभा सीट और एक राज्यसभा सीट देने की बात कही गई थी, लेकिन मिली एक थी। आज भी हम एनडीए के साथ हैं। हमें पंजीकृत पार्टी के रूप में मान्यता के लिए कम से कम आठ सीटों की मांग की थी। इसलिए, हमने कम से कम 15 सीटें मांगी थी, लेकिन सिर्फ छह सीटें मिली हैं। हम छह सीट से भी संतुष्ट हैं। हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं।

हमारी पार्टी पीएम नरेंद्र मोदी के साथ

मांझी ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पीएम मोदी ने हमें काफी इज्जत दी है। वे हर तरह से गयाजी के विकास के लिए काम कर रहे हैं। गयाजी, बिहार और देश के विकास के लिए हम कोई भी कुर्बानी सहने को तैयार हैं। मांझी ने आगे कहा कि हम लोग भुइयां और मुसहर जाति के हैं। अभाव में जीने वाले लोग हैं और संतुष्ट रहते हैं। जो मिलता है, उसी में संतुष्ट हैं। हमारी पार्टी पीएम नरेंद्र मोदी के साथ है और जो भी निर्णय हुआ है, उससे संतुष्ट है।

एनडीए ने रविवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा की

बता दे कि, कि बिहार विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए ने रविवार को सीटों के बंटवारे की घोषणा की है। इस बंटवारे के तहत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 101-101 सीट पर चुनाव लड़ेगी, जबकि केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को 29 सीट मिली हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और राज्यसभा सदस्य उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा को छह-छह सीटें मिली हैं।

Updated on:
13 Oct 2025 03:03 pm
Published on:
13 Oct 2025 03:03 pm