27 अगस्त 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

E20 पेट्रोल से परेशान वाहन चालकों के लिए राहत की खबर, प्रीमियम फ्यूल के रूप में हो सकती है E10 की वापसी

Premium Petrol: E20 पेट्रोल से माइलेज और इंजन की चिंता झेल रहे वाहन चालकों को जल्द राहत मिल सकती है। सरकार प्रीमियम फ्यूल के जरिए E10 पेट्रोल की वापसी पर विचार कर रही है।
2 min read
Google source verification
Speed petrol blend, HPCL Power95 E10

E20 के बीच E10 पेट्रोल की वापसी की तैयारी (फाइल फोटो)

भारतीय सड़कों पर चल रहे करोड़ों पुराने वाहनों के मालिकों और कम माइलेज से परेशान चालकों के लिए राहत भरी खबर सामने आ रही है। देश में E20 पेट्रोल अनिवार्य होने के बाद से वाहन चालक लगातार माइलेज में कमी और इंजन की लाइफ को लेकर चिंता जता रहे थे। इसी समस्या का समाधान निकालने के लिए केंद्र सरकार अब एक बीच का रास्ता तलाश रही है।

पेट्रोलियम मंत्रालय और सरकारी तेल कंपनियां (IOCL, BPCL, HPCL) इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रही हैं कि क्या प्रीमियम पेट्रोल श्रेणी (जैसे XP95, SPEED और Power95) को 10% इथेनॉल (E10) ब्लेंडिंग के साथ बाजार में उपलब्ध कराया जाए। अगर यह फैसला लागू होता है, तो पुराने वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों के लिए कम इथेनॉल वाला सुरक्षित पेट्रोल मिल सकेगा।

क्यों पड़ी E10 को वापस लाने की जरूरत?

देश भर के पेट्रोल पंपों पर वर्तमान में E20 पेट्रोल ही मानक ईंधन के रूप में दिया जा रहा है। हालांकि, अप्रैल 2023 से पहले बने अधिकतर वाहन E10 ईंधन के हिसाब से ही डिजाइन किए गए थे।

  • माइलेज में गिरावट: इथेनॉल की ऊर्जा क्षमता सामान्य पेट्रोल से कम होती है। सरकार के अनुसार E20 से माइलेज में 3-5% की मामूली कमी आती है, लेकिन आम वाहन चालकों का कहना है कि नुकसान इससे कहीं ज्यादा हो रहा है।
  • इंजन सुरक्षा की चिंता: पुराने वाहनों के फ्यूल पाइप, रबर पार्ट्स और कार्ब्युरेटर में अधिक इथेनॉल वाले ईंधन से खराबी आने का जोखिम बना रहता है।

हाल ही में मुख्य आर्थिक सलाहकार वी. अनंता नागेश्वरन ने भी सुझाव दिया था कि पुराने वाहनों के हितों को ध्यान में रखते हुए पेट्रोल पंपों पर E10 का विकल्प बना रहना चाहिए।

अलग से खर्च और इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत नहीं पड़ेगी

सरकार पूरे देश में साधारण पेट्रोल और E10 के लिए दो अलग-अलग सप्लाई चेन नहीं बनाना चाहती, क्योंकि इसमें बहुत अधिक खर्च और लॉजिस्टिक की दिक्कतें आतीं। इसीलिए प्रीमियम पेट्रोल नेटवर्क का इस्तेमाल करना सबसे आसान तरीका माना जा रहा है।

  • मौजूद इंफ्रास्ट्रक्चर का उपयोग: XP95, SPEED और Power95 जैसे 95-ऑक्टेन प्रीमियम ईंधन के लिए पेट्रोल पंपों पर अलग स्टोरेज चैंबर और नोजल पहले से मौजूद हैं।
  • आसान रोलआउट: पेट्रोलियम डीलरों के अनुसार, इन प्रीमियम ब्रांड्स को E10 ब्लेंड में बदलने के लिए पंपों पर किसी नए बदलाव या अतिरिक्त मशीनों की जरूरत नहीं होगी।
  • बढ़ती मांग: E20 को लेकर चिंताओं के कारण लोग पहले से ही प्रीमियम पेट्रोल की ओर रुख कर रहे हैं। हाल के महीनों में कुल पेट्रोल बिक्री में प्रीमियम ईंधन की हिस्सेदारी 4% से बढ़कर 15% तक पहुंच गई है।

कीमत थोड़ी ज्यादा होगी, लेकिन मिलेगा बेहतर विकल्प

अगर E10 को प्रीमियम कैटेगरी में लाया जाता है, तो यह नियमित E20 पेट्रोल (लगभग ₹102/लीटर) की तुलना में थोड़ा महंगा (लगभग ₹110-115/लीटर) पड़ेगा। हालांकि, ऑटो एक्सपर्ट्स और उपभोक्ता समूहों का मानना है कि भले ही कीमत थोड़ी अधिक हो, लेकिन चालकों को अपने वाहन की क्षमता और इंजन की सुरक्षा के अनुसार ईंधन चुनने का हक मिलना चाहिए।
फिलहाल यह प्रस्ताव शुरुआती चरण में है और OMCs के साथ समीक्षा के बाद जल्द ही इस पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।