
पटना। बिहार विधान परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य और जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता नीरज कुमार ने अपनी जीत को बौद्धिक जनादेश करार दिया है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश अपराध, धनबल और बाहुबल के राजनीतिक इस्तेमाल के खिलाफ है। नीरज कुमार ने इस चुनाव में निशांत कुमार की भूमिका को भी प्रभावी बताया और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के शीर्ष नेतृत्व के सहयोग की सराहना की।
अपनी जीत के बाद पटना में मीडिया से बात करते हुए जेडीयू नेता नीरज कुमार ने कहा कि इस चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने बेहद प्रभावशाली भूमिका निभाई। उन्होंने बड़े ही रोचक अंदाज में कहा कि मैं बार-बार यह बात कहता हूं- N फॉर नीतीश कुमार, N फॉर निशांत कुमार और N फॉर नीरज… ये तीनों क्रमिक क्रम में है।
नीरज कुमार ने कहा कि यह जीत अपराध के राजनीतिकरण, धनबल और बाहुबल की राजनीति के खिलाफ एक बड़ा संदेश है। उन्होंने कहा कि जो लोग पार्टी के भीतर और बाहर रहकर लड़ाई लड़ रहे थे, राजनीति में ईर्ष्या और द्वेष की भावना रखते हैं। मतदाताओं ने उन सबको इस चुनाव में करारा जवाब दिया है। जाहिर है कि विधान परिषद चुनावों के इन परिणामों ने बिहार के सियासी गलियारों में एक बार फिर जेडीयू के पक्ष में माहौल का दावा मजबूत कर दिया है, वहीं विरोधियों को भी कड़ा संदेश दे दिया है।
बता दें कि बिहार विधान परिषद चुनाव की सबसे हॉट सीट पटना स्नातक पर जेडीयू ने अपना दबदबा कायम रखा। जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार ने जीत दर्ज की है। आरजेडी के दिलीप कुमार उर्फ दिलीप पटेल दूसरे नंबर पर रहे। वहीं, मोकामा विधायक अनंत सिंह के समर्थन से जन सुराज पार्टी के टिकट पर लड़े अनुज सिंह को भी हार का सामना करना पड़ा। वे तीसरे नंबर पर रहे।