बिहार में एक मुस्लिम युवक के साथ कथित मॉब लिंचिंग की घटना सामने आई है, जिसमें युवक के कान काट दिए गए और हाथ तोड़ दिए गए।
Bihar Mob lynching Victim: बिहार के नालंदा जिले में भीड़ द्वारा मुस्लिम युवक की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने बताया कि पिछले हफ्ते लूटपाट और बेरहमी से की गई पिटाई में गंभीर रूप से घायल हुए मोहम्मद अतहर हुसैन ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
दरअसल, 5 दिसंबर को जब वह सामान बेचने जा रहा था, तब भीड़ ने अतहर को घेर लिया, लूटपाट की और बेरहमी से पीटा। आरोप है कि भीड़ ने युवक के कान काट लिए और हाथ तोड़ दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद उसे पावापुरी स्थित विम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। हालांकि पुलिस ने अब तक इस मामले में 6 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को भी हिरासत में लिया है।
मामले में जानकारी देते हुए अतहर के भाई ने बताया कि हुसैन अपने ससुराल से लौट रहा था। इस दौरान उसकी साइकिल पंचर हो गई। जब उसने वहां मौजूद लोगों से दुकान के बारे में पूछा तो उन्होंने पहले उसका पेशा और नाम पूछा। इसके बाद उन्होंने उस पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भीड़ ने अतहर के हाथ-पैर बांध दिए और उसे एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसके साथ बेरहमी से पिटाई की। मृतक के भाई ने बताया कि भीड़ ने ईंटों और लोहे की रॉड से हमला किया था, जिससे उसका हाथ टूट गया। उसने दावा किया कि प्लास से उसके कान काट दिए थे।
इस मामले में 6 दिसंबर को युवक की पत्नी ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई, जिसमें उसने भट्टापारा गांव के रहने वाले 10 लोगों के नाम बताए हैं, जबकि अन्य 10 आरोपी अभी अज्ञात हैं।
एफआईआर में बताया गया कि भट्टापारा के लोगों ने चोरी के झूठे आरोप लगाकर उनके पति को पकड़ लिया, रस्सियों से बांधा और बेरहमी से पीटा। आरोप है कि आरोपियों ने गर्म लोहे से दागा, हाथ तोड़ दिया, प्लास से कान काट दिया और अन्य तरीकों से अमानवीय यातनाएं दीं।
पत्नी ने यह भी आरोप लगाया कि जब वह अपने देवरों के साथ भट्टापारा पहुंचीं, तो ग्रामीणों ने उनके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।