Bihar Weather Forecast Today. आज बिहार के किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, और समस्तीपुर समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट है। इस बार बिहार में सामान्य से अधिक समय तक मानसून सक्रिय है।
नई दिल्ली। Bihar Weather Forecast Today. बिहार में इस बार सामान्य से अधिक समय तक मानसून सक्रिय नजर आ रहा है। जिसके चलते राज्य के कई इलाकों में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी राज्य के कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। बताया गया कि आज राज्य के उत्तर पूर्व, उत्तर-मध्य, दक्षिण-पूर्व भाग के अधिकांश स्थानों पर आकाशीय बिजली चमकने, मेघगर्जन के साथ भारी बारिश के आसार हैं। वहीं, उत्तर-पश्चिम, दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य बिहार के अनेक स्थानों पर हल्की सी मध्यम स्तर के बारिश होने की संभावना है।
इन इलाकों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की ट्रफ लाइन उत्तर से दक्षिण की ओर मध्य बिहार और इसके आसपास कम दबाव का क्षेत्र होते हुए झारखंड के रास्ते होते हुए ओडिशा की ओर बढ़ रहा है। इसके चलते आज किशनगंज, पूर्णिया, अररिया, मधेपुरा, सहरसा, कटिहार, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, शिवहर, समस्तीपुर, भागलपुर, बांका, मुंगेर, खगड़िया जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में बीते दिन कैसा रहा मौसम
अगर राज्य में बीते दिन के मौसम की बात करें तो बिहार में मेघगर्जन और हल्की बारिश दर्ज की गई। किशनगंज के ठाकुरगंज में कल सर्वाधिक 210 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं खगडिय़ा में 37.4 डिग्री सेल्सियस सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। वहीं राजधानी पटना में 28.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड किया गया।
बिहार में इन दिनों हो रही बारिश से किसानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिल रही है। दरअसल, हथिया नक्षत्र में बारिश होने से किसानों को काफी लाभ होगा। इससे न केवल धान की फसल को लाभ होगा, बल्कि रबी की बुआई में भी मदद मिलेगी। खासकर धान की फसल को हथिया नक्षत्र की बारिश से लाभ होगा। वर्तमान में बारिश से वातावरण में नमी काफी बढ़ गई है।