राष्ट्रीय

INDIA गठबंधन की रैली को जवाब देने के लिए भाजपा की तैयारी, जानें क्या है खास प्लान

INDIA गठबंधन की ओर से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली के जवाब में भाजपा ने देशभर में महीनेभर का अभियान चलाने की तैयारी की है।
2 min read
• •
Updated: 26 Oct 2026, 4:01 PM IST
BJP Padyatra
BJP Padyatra (Photo-IANS)

नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को होने वाली विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की महारैली के जवाब में बीजेपी ने भी पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। भाजपा 1 नवंबर से ही महीने भर चलने वाले राष्ट्रव्यापी 'पादयात्रा' अभियान की शुरुआत करने जा रही है, जिसमें पार्टी के शीर्ष दिग्गजों को मैदान में उतारा जाएगा। भाजपा का यह अभियान 1 नवंबर से शुरू होकर पूरे एक महीने तक चलेगा।

इसमें भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और मंत्री देश के अलग-अलग हिस्सों में शामिल होंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी इस अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों में शिरकत करेंगे। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 2 नवंबर को हैदराबाद और 5 नवंबर को हरियाणा में आयोजित विशाल पादयात्राओं में हिस्सा लेंगे।

'वोट बचाओ, देश बचाओ' रैली पर घमासान

गौरतलब है कि 'इंडिया' ब्लॉक ने मतदाता सूचियों के 'विशेष गहन पुनरीक्षण' (SIR) में कथित अनियमितताओं को लेकर चुनाव आयोग के खिलाफ 1 नवंबर को रामलीला मैदान में 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली का आह्वान किया है। विपक्षी नेता 'वोट चोरी' के आरोपों को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। वहीं, दिल्ली पुलिस ने प्रस्तावित रैली के लिए 25 अक्टूबर से 3 नवंबर तक सुरक्षा और यातायात समन्वय संबंधी व्यवस्थाओं को मंजूरी देते हुए अनापत्ति प्रमाणपत्र (NOC) जारी किया है।

1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी पर सियासत गरमाई

इस प्रस्तावित रैली को लेकर राजनीतिक विवाद गहरा गया है। भाजपा ने कांग्रेस नीत विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा है कि 1 नवंबर की तारीख दिल्ली में 1984 के सिख विरोधी दंगों की बरसी है, ऐसे में इस दिन उत्सव जैसा माहौल बनाना संवेदनशील मामलों के प्रति असंवेदनशीलता को दर्शाता है।

व्यापारियों ने की रैली टालने की अपील

दूसरी ओर, चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने त्योहारों के सीजन को देखते हुए व्यापार प्रभावित होने की चिंता जताते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को पत्र लिखा है। उन्होंने रैली को 10 नवंबर के बाद आयोजित करने की अपील की है।

इस पर खरगे ने स्वीकार किया कि व्यापारियों का ज्ञापन मिला है। खरगे ने स्पष्ट किया कि रैली की तारीख और आगे के कदमों पर अंतिम फैसला कांग्रेस पार्टी और 'इंडिया' गठबंधन के सहयोगियों के साथ चर्चा के बाद ही लिया जाएगा। व्यापारियों के संगठन ने खरगे के इस बयान का स्वागत करते हुए इसे व्यापारी वर्ग के लिए उम्मीद की किरण बताया है।

Updated on:
26 Oct 2026, 4:01 PM IST
Published on: