राष्ट्रीय

JNU में यौन उत्पीड़न के आरोपों पर BJP का कांग्रेस पर हमला, राहुल-प्रियंका से पूछा सवाल

BJP सांसद बंसुरी स्वराज ने JNU में बिमोल अकोइजाम पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी समेत कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर सवाल उठाए।
2 min read
• •
Oct 11, 2026
Bansuri Swaraj PC
बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस पर साधा निशाना (Photo-IANS)

Bimol Akoijam JNU Controversy: बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में यौन उत्पीड़न के आरोपों को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की चुप्पी पर भी सवाल उठाया है। बांसुरी स्वराज ने कहा कि इस मामले पर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी से अपना रुख स्पष्ट करें।

प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बांसुरी स्वराज ने दावा किया कि आज एक ओर हम माँ शैलपुत्री की पूजा-अर्चना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मैं इस देश की बेटियों से जुड़े एक बेहद गंभीर मुद्दे को आप सभी के सामने उठा रही हूँ। JNU ने 9 अक्टूबर को कांग्रेस सांसद बिमोल अकोइजाम को यौन दुराचार के आरोपों के चलते उनके दायित्वों से हटा दिया। उन्होंने कहा कि 11 छात्राओं ने उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं और विश्वविद्यालय की आंतरिक समिति ने भी इस मामले में कार्रवाई की।

BJP सांसद के अनुसार, अकोइजाम पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार करने और अकादमिक मूल्यांकन के बहाने उन्हें देर रात अपने आवास पर बुलाने जैसे आरोप लगाए गए हैं।

'कांग्रेस में जवाबदेही पर चुप्पी क्यों?'

बांसुरी स्वराज ने कांग्रेस की महिला अधिकारों और नारीवाद को लेकर अपनाई जाने वाली राजनीति पर सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लिए नारीवाद की शुरुआत हैशटैग से होती है और जवाबदेही की बात आने पर खत्म हो जाती है।

उन्होंने कहा कि यह हैरानी की बात है कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने अब तक इस मामले पर कोई सार्वजनिक बयान नहीं दिया है। बांसुरी स्वराज ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और सोनिया गांधी का नाम लेते हुए पूछा कि पार्टी नेतृत्व इस मुद्दे पर चुप क्यों है।

केजरीवाल पर भी साधा निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी सांसद बांसुरी स्वराज ने अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा। उनहोंने कहा कि ऐसा लगता है कि अरविंद केजरीवाल और राहुल गांधी के बीच अराजकता फैलाने की होड़ मची हुई है। चाहे आम आदमी पार्टी हो या कांग्रेस, देश के मतदाताओं ने दोनों को नकार दिया है। जनता के जनादेश के जरिए सत्ता हासिल करने में नाकाम रहने के बाद अब वे अपनी हार के लिए बहाने तलाश रहे हैं।

Updated on:
11 Oct 2026 12:10 pm
Published on:
11 Oct 2026 11:14 am