
अरविंद केजरीवाल।(फोटो-IANS)
DSGMC Will Complaint Against Kejriwal: दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (DSGMC) के अध्यक्ष हरमीत सिंह कालका ने आम आदमी पार्टी(AAP) के नेताओं पर गुरुद्वारा बंगला साहिब को बदनाम करने और मामले को लेकर भ्रामक वीडियो प्रसारित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी।
हरमीत सिंह कालका ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दोपहर में दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट स्थित डीसीपी कार्यालय में शिकायत दी जाएगी। कालका ने आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल और उनके साथियों ने गुरुद्वारा बंगला साहिब में प्रवेश कर राजनीतिक नारे लगाए, हंगामा किया और गुरुद्वारे तथा उसके प्रबंधन को बदनाम करने के लिए गुमराह करने वाले वीडियो फैलाए।
DSGMC अध्यक्ष ने अपनी एक अन्य पोस्ट में गुरुद्वारा बंगला साहिब को करुणा और निस्वार्थ सेवा का सदाबहार प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा सभी लोगों के लिए बिना किसी भेदभाव के खुला है। कालका ने गुरुद्वारे की धार्मिक और सामाजिक महत्ता का जिक्र करते हुए परिसर में राजनीतिक गतिविधियों को लेकर आपत्ति जताई।
हरमीत सिंह कालका ने कहा कि गुरु घर के अंदर राजनीति किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेताओं ने यह धारणा बनाने की कोशिश की कि पुलिस गुरुद्वारे के अंदर दाखिल हुई थी। कालका ने इसे गंदी राजनीति बताते हुए कहा कि जहां भी कार्रवाई की जरूरत थी, वहां उन्होंने न तो किसी पुलिसकर्मी को ऊपर जाने दिया और न ही किसी प्रदर्शनकारी को अंदर आने दिया।
हरमीत सिंह कालका के मुताबिक, शनिवार को कुछ प्रदर्शनकारियों ने गुरुद्वारा बंगला साहिब परिसर में पहुंचकर प्रदर्शन करने की कोशिश की थी। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शनकारियों को वहां से बाहर निकाल दिया गया। कालका ने यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों को पकड़ने के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों को गुरुद्वारे के अंदर जाने से रोका गया था। इस घटनाक्रम को लेकर आम आदमी पार्टी के नेताओं और गुरुद्वारा प्रबंधन समिति के बीच विवाद सामने आया है।
कालका ने पुलिसकर्मियों से जुड़े वायरल वीडियो पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में दिखाई देने वाले पुलिसकर्मी गुरुद्वारे के अंदर नहीं गए थे, बल्कि अशोका रोड की ओर से बाहर निकले थे।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी न तो जोड़ा घर की तरफ गए, न लंगर हॉल में दाखिल हुए और न ही दरबार हॉल की ओर गए। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मी केवल गुरुद्वारे के पास से होकर गुजरे थे।
Updated on:
11 Oct 2026 02:33 pm
Published on:
11 Oct 2026 02:24 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
