राष्ट्रीय

गड्ढे में गिरा युवक, चली गई जान, दिल्ली हादसे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा

Delhi Bike Accident: दिल्ली के जनकपुरी में 15 फुट गहरे गड्ढे में गिरने से युवक की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं।

2 min read
गड्ढे में गिरे युवक के मौत का कारण आया सामने (X)

दिल्ली के जनकपुरी इलाके में गड्ढे में गिरने से हुई 25 वर्षीय युवक की मौत के मामले में पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट सामने आ गई है। रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवक की मौत दम घुटने (Asphyxia) के कारण हुई। सूत्रों के अनुसार, गड्ढे में गिरने के बाद मृतक के मुंह और नाक में गीली मिट्टी भर गई थी, जिससे वह सांस नहीं ले सका और उसकी मौत हो गई।

गड्ढे में गिरते ही कमर पर गिरी बाइक

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक, मृतक कमल ध्यानी की मौत का कारण ट्रॉमैटिक एस्फिक्सिया और दम घुटना पाया गया है। बताया गया कि गड्ढे में गिरने के बाद कमल का चेहरा मिट्टी में फंस गया था। इसी दौरान उसकी बाइक कमर और सीने पर आ गिरी, जिसके वजन के कारण उसकी सांस लेने की क्षमता और ज्यादा प्रभावित हो गई।

दाहिनी जांघ पर मिले जलने के निशान

रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि कमल की दाहिनी जांघ पर जलने का निशान मिला है। आशंका जताई जा रही है कि यह जलन बाइक के साइलेंसर के संपर्क में आने से हुई हो सकती है। साथ ही, सीने पर बाइक का दबाव और मुंह-नाक में भरी गीली मिट्टी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।

15 फुट गहरे गड्ढे में गिरा था युवक

घटना शुक्रवार (6 फरवरी) सुबह की है। जनकपुरी इलाके में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा सीवर पाइपलाइन पुनर्वास परियोजना के तहत खोदे गए करीब 15 फुट गहरे गड्ढे में बाइक सवार कमल ध्यानी गिर गए थे। कैलाशपुरी निवासी कमल एक निजी बैंक में कर्मचारी थे और घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।

मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग

पुलिस के अनुसार, घटना के बाद परिजनों ने पहले कई अस्पतालों में कमल की तलाश की, लेकिन कहीं भी दुर्घटना से जुड़े किसी मरीज का रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद मोबाइल फोन की लोकेशन के आधार पर परिवार और पुलिस ने जनकपुरी इलाके में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद आखिरकार गड्ढे से शव बरामद किया गया।

परिजनों का आरोप पुलिस ने दिखाई लापरवाही

मृतक के परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि उन्हें घंटों इंतजार कराया गया और कोई ठोस जानकारी नहीं दी गई। आरोप है कि पुलिस ने यह कहते हुए गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने से मना कर दिया कि 24 घंटे बाद ही रिपोर्ट दर्ज की जा सकती है। हालांकि, पुलिस ने किसी भी तरह की लापरवाही से इनकार किया है।

Also Read
View All

अगली खबर