
Brij Bhushan Sharan Singh on Elon Musk : नई दिल्ली। भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह पूरा आंदोलन अमेरिकी कारोबारी एलन मस्क के इशारे पर किया जा रहा है और इसके पीछे देश के खिलाफ एक बड़ी साजिश है। बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि देश की तुलना बांग्लादेश और पाकिस्तान से की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार ऐसा मार्च निकाला गया है, जिसका स्पष्ट उद्देश्य सुप्रीम कोर्ट को डराना है। उनके मुताबिक, देश में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई।
बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि कुछ विदेशी ताकतें भारत में अपने हिसाब से कारोबार करना चाहती हैं और अपनी शर्तों पर काम नहीं होने की स्थिति में ऐसे आंदोलनों को बढ़ावा दे रही हैं। उन्होंने इस पूरे घटनाक्रम को देश के खिलाफ साजिश करार दिया।
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने विपक्ष और इंडिया गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनका मकसद चुनावी सुधार नहीं, बल्कि देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना है। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि युवाओं को अराजकता का मोहरा बनाया जा रहा है और कुछ लोग बांग्लादेश के घटनाक्रम की तर्ज पर भारत में सत्ता परिवर्तन चाहते हैं।
राजनाथ सिंह ने कहा कि राजनीतिक हितों के लिए देश की संवैधानिक संस्थाओं की बलि नहीं दी जा सकती। रक्षा मंत्री ने कहा कि झूठा आक्रोश दिखाकर और संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करके भारत की विकास यात्रा को बाधित नहीं किया जा सकता।
रक्षा मंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी युवाओं को राजनीतिक टकराव का साधन बना रहे हैं। कुछ लोग बांग्लादेश की घटनाओं से प्रेरणा लेकर भारत में सत्ता परिवर्तन की बात कर रहे हैं, जबकि कुछ खुले तौर पर सरकार गिराने की मांग कर रहे हैं। उनके मुताबिक, यह लड़ाई न तो चुनावी सुधार के लिए है और न ही मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़ा कोई मुद्दा है। उन्होंने इसे सत्ता हासिल करने की कोशिश बताया। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत का भविष्य टकराव में नहीं, बल्कि संवाद और राष्ट्र निर्माण में है।