
एयर इंडिया फ्लाइट (Photo - ANI)
Air India flights cancelled : नई दिल्ली। सऊदी अरब में बदलते हालात को देखते हुए एयर इंडिया ने बड़ा फैसला लिया है। एयर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब इंटरनेशनल सिविल एविएशन ऑर्गनाइजेशन (ICAO) काउंसिल ने सऊदी अरब में नागरिक हवाई अड्डों, विमानों और विमानन बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है और वहां की सरकार तथा लोगों के प्रति अपना समर्थन जताया है।
एयर इंडिया ने सोशल मीडिया एक्स पर जारी बयान में कहा कि सऊदी अरब के हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। एयरलाइन ने कहा कि यात्रियों और क्रू मेंबर्स की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उड़ानें रद्द होने से प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन (ICAO) की परिषद ने सऊदी अरब में नागरिक विमानन से जुड़े प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है। गुरुवार को जारी बयान में आईसीएओ परिषद ने हमलों में प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना जताई। परिषद ने कहा कि नागरिक विमानन ढांचे को निशाना बनाने से उड़ान संचालन प्रभावित होता है और विमानन सुरक्षा के साथ अंतरराष्ट्रीय शांति एवं सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा होता है। यह निंदा 8 अक्टूबर को आईसीएओ परिषद के समक्ष सऊदी अरब की ओर से दिए गए बयान के बाद आई है।
इससे पहले इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना आने-जाने वाली उड़ानें 17 अक्टूबर तक रद्द करने की घोषणा की थी। कंपनी ने यात्रियों को हवाई अड्डे के लिए रवाना होने से पहले अपनी उड़ान की स्थिति जांचने की सलाह दी थी। वहीं, अकासा एयर ने भी रियाद और जेद्दा की उड़ानें 17 अक्टूबर तक स्थगित कर दी थीं। एयरलाइन ने प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड लेने या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया है।
Updated on:
16 Oct 2026 11:59 am
Published on:
16 Oct 2026 11:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
