राष्ट्रीय

इस राज्य में बच्चों की हो गई मौज, इस हफ्ते लगातार पांच दिन रहेंगी स्कूल की छुट्टियां

School Holiday: इस राज्य में 14,15,16,17 और 18 को लगातार पांच दिनों तक स्कूल बंद रहने वाले है।

3 min read
Jan 12, 2026
14 से 18 जनवरी स्कूल की छुट्टी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

School Holiday: जनवरी के महीने में कड़ाके की सर्दियों के चलते पहले ही स्कूली बच्चों की छुट्टियां बढ़ा दी गई थीं। विंटर वेकेशन के बाद भी बढ़ती ठंड को देखते हुए कई राज्यों में अवकाश घोषित किया गया है। कई जगहों पर तो अब भी सर्दी का कहर जारी है और इसके चलते स्कूल के बच्चों को छुट्टियां दी गई हैं। इसी बीच मकर संक्रांति, लोहड़ी और अन्य स्थानीय त्योहार भी आ गए हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में कई राज्यों में 13 और 14 तारीख की छुट्टी रहने वाली है। लेकिन एक ऐसा राज्य भी है जहां 14,15,16,17 और 18 को लगातार पांच दिनों तक स्कूल बंद रहेंगे। आइए जानते ये राज्य कौन सा है और यहां क्यों पांच दिन छुट्टी रहेगी।

तमिलनाडु में 14 से 18 जनवरी तक छुट्टियां

पोंगल और इससे जुड़े अन्य त्योहारों के चलते तमिलनाडु राज्य में इस हफ्ते पांच दिन स्कूल बंद रहने वाले हैं। पूरे राज्य में 14 से 18 जनवरी तक कक्षाएं स्थगित रहेंगी। तमिलनाडु में पोंगल का त्योहार बहुत जोरो-शोर से मनाया जाता है। यह फसल कटाई का एक पारंपरिक त्योहार है, जो गन्ने, हल्दी और चावल जैसी फसलों की कटाई के समय मनाया जाता है। इसमें सूर्य देव के प्रति आभार व्यक्त किया जाता है और यह सर्दियों के अंत का प्रतीक माना जाता है। इस त्योहार को लेकर तमिलनाडु सरकार ने छुट्टियों की घोषणा कर दी है और इन्हें आधिकारिक सरकारी कैलेंडर में सार्वजनिक अवकाश के रूप में शामिल किया गया है।

15 को पोंगल का अवकाश घोषित

14 जनवरी को देश के कई राज्यों मकर संक्रांति का त्योहार मनाया जाएगा। इसी दिन दोपहर 3:13 बजे से थाई पोंगल के त्योहार की शुरुआत भी हो जाएगी। इस त्योहार के मौके पर 15 जनवरी को छुट्टी घोषित कर दी गई है। 14 जनवरी को भी इसके चलते स्कूलों में छुट्टी हो सकती है या फिर पढ़ाई के घंटे कम किए जा सकते हैं। पोंगल शब्द का अर्थ तमिल में उबलना या उफनकर बाहर गिरना होता है। इसी के चलते इस दिन एक सुंदर सजाए हुए मिट्टी के बर्तन में दूध और चावल पकाए जाते हैं। इसे तब तक पकाया जाता है जब तक यह बर्तन से बाहर न उफनने लगे। यह संपन्नता और खुशहाली का प्रतीक माना जाता है।

16 को तिरुवल्लुवर की जयंती के मौके पर छुट्टी

तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर की जयंती के मौके पर 16 जनवरी को राज्य के शैक्षणिक कैलेंडर में छुट्टी घोषित की गई है। हाल ही में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने 'तिरुक्कुरल' की 45 कड़ियों वाली एक साइन लैंग्वेज की एक सीरीज लॉन्च की है। इसके साथ ही प्रधान ने 41 साहित्यिक कृतियों और शास्त्रीय भाषाओं पर 13 नई किताबों का विमोचन भी किया है। प्रधान ने कहा कि भारतीय भाषा में देश को जोड़ने वाली शक्ति है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस विचार को दोहराया कि भारत की सभी भाषाएं राष्ट्रीय भाषाएं हैं।

17 और 18 जनवरी की भी छुट्टी

17 जनवरी को उझावर तिरुनाल के मौके पर छुट्टी की घोषणा की गई है। यह त्योहार किसानों को सम्मानित करने और उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए मनाया जाता है। पोंगल का त्योहार चार दिनों तक मनाया जाता है और इस बार यह 14 जनवरी से 17 जनवरी तक मनाया जाएगा। इस चार दिनों के त्योहार में पहले दिन को भोगी पोंगल (14 जनवरी), दूसरे दिन को सूर्य पोंगल (15 जनवरी), तीसरे दिन को मट्टू पोंगल (16 जनवरी) और चौथे दिन को कानुम पोंगल (17 जनवरी) कहते हैं। पोंगल के चार दिनों के त्योहार के बाद 18 जनवरी को रविवार है जिसके चलते स्कूल बंद रहेंगे। ऐसे में इस बार पोंगल के मौके पर स्कूली बच्चों को लगातार पांच दिन की छुट्टी मिलने वाली है।

Published on:
12 Jan 2026 04:26 pm
Also Read
View All

अगली खबर