
Gold Rate Global Crash: अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में तेज गिरावट के बीच चीन द्वारा एक बड़ा खेल खेला जा रहा है। चीन का केंद्रीय बैंक लगातार सोना खरीद रहा है। अक्टूबर 2026 में चीन ने लगातार 24वें महीने सोने के भंडार में बढ़ोतरी की। बताया जा रहा है कि इस दौरान चीन ने करीब 26 टन सोना खरीदा, जो कि अक्टूबर 2023 के बाद किसी एक महीने में की गई सबसे बड़ी खरीदारी है।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) की अक्टूबर 2026 की चाइना गोल्ड मार्केट अपडेट रिपोर्ट के अनुसार, पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना (PBoC) ने अक्टूबर में करीब 26 टन सोना अपने भंडरा में जोड़ा है। इसके साथ ही अब चीन का आधिकारिक गोल्ड रिजर्व बढ़कर 2,435 टन हो गया। चीन के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में अब सोने की हिस्सेदारी 8.1 फीसदी है, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 8.5 फीसदी था।
बता दें कि चीन की ओर से लगातार खरीदारी के बाद भी अक्टूबर महीने में अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतों में दबाव देखने को मिला है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अनुसार, अक्टूबर में एलबीएमए गोल्ड प्राइस पीएम में डॉलर के लिहाज से 6.3 फीसदी की गिरावट आई। वहीं, चीन के शंघाई बेंचमार्क गोल्ड प्राइस पीएम में युआन के लिहाज से 5.9 फीसदी की कमी दर्ज की गई।
इस गिरावट के चलते अक्टूबर तक सोने की कीमतों में सालाना आधार पर अब तक डॉलर में 7.1 फीसदी और युआन में 9.4 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
सोने की कीमतों में कमजोरी के बावजूद दुनियाभर के केंद्रीय बैंकों की खरीदारी मजबूत बनी हुई है। जेफरीज ने वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों के हवाले से बताया कि 2026 की तीसरी तिमाही में केंद्रीय बैंकों ने कुल 321.2 टन सोने की शुद्ध खरीदारी की।
यह 2024 की चौथी तिमाही के बाद किसी एक तिमाही में की गई सबसे अधिक खरीदारी है। इससे पहले 2026 की दूसरी तिमाही में केंद्रीय बैंकों ने 296.3 टन और पहली तिमाही में 57.7 टन सोना खरीदा था।
केंद्रीय बैंकों की ओर से लगातार सोना खरीदने की प्रमुख वजह अपने विदेशी मुद्रा भंडार में विविधता लाना है। भू-राजनीतिक तनाव, वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता और बदलती मौद्रिक परिस्थितियों के बीच सोने को सुरक्षित रिजर्व के रूप में देखा जाता है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोना सस्ता होने के बाद चीन पीली धातु इसलिए खरीद रहा है, क्योंकि वह अपनी इकोनॉमी को मजबूत करना चाहता है। इसके साथ ही वैश्विक अर्थव्यवस्था में भी अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहा है।
इसके अलावा वह अमेरिकी डॉलर पर निर्भरता को कम कर अपने विदेशी मुद्रा भंडार में सोने को जोड़ रहा है। दरअसल, किसी भी आपदा या ग्लोबल टेंशन की स्थिति में सोना हमेशा से एक सेफ हैवेन माना जाता है।
चीन और दुनिया के दूसरे केंद्रीय बैंकों की ओर से सोने की लगातार खरीदारी भारतीय निवेशकों के लिए लंबी अवधि के लिहाज से अहम संकेत है। इससे पता चलता है कि वैश्विक स्तर पर सोने की मांग और रिजर्व में इसकी भूमिका बनी हुई है।
भारतीय गोल्ड ETF निवेशकों को केवल केंद्रीय बैंकों की खरीदारी देखकर निवेश का फैसला नहीं करना चाहिए। सोने को पोर्टफोलियो में विविधता लाने और जोखिम संतुलित करने वाले निवेश विकल्प के तौर पर देखना ज्यादा उचित हो सकता है।