
हिंद महासागर क्षेत्र (IOR) में चीन की बढ़ती समुद्री गतिविधियों को लेकर नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णा स्वामीनाथन ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि चीन सितंबर-अक्टूबर 2008 से लगभग स्थायी रूप से हिंद महासागर क्षेत्र में मौजूद है। ऐसे में इस क्षेत्र में चीन की मौजूदगी भारत के लिए कोई नई बात नहीं है।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा कि चीन एक संप्रभु देश है और उसे अपने फैसले लेने का अधिकार है। भारत अंतरराष्ट्रीय समुद्री क्षेत्र में नौवहन की स्वतंत्रता और समुद्र को वैश्विक साझा संपत्ति मानने के सिद्धांत में विश्वास करता है। इसलिए वैध व्यावसायिक गतिविधियों के लिए हिंद महासागर में आने वाले किसी भी देश का स्वागत है।
इस दौरान नौसने प्रमुख ने यह भी स्पष्ट किया कि चीन की मौजूदगी अपने आप में भारत के लिए चिंता का विषय नहीं है। हालांकि, यदि चीन इस क्षेत्र में ऐसी गतिविधियां करता है, जो उसे नहीं करनी चाहिए, तो भारत की चिंताएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना चीन के जहाजों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है।
नौसेना प्रमुख ने कहा कि भारत केवल चीन का विरोध करने के लिए उसकी गतिविधियों का मुकाबला नहीं कर रहा है। एक जिम्मेदार राष्ट्र की नौसेना होने के नाते भारतीय नौसेना का कर्तव्य है कि वह हिंद महासागर क्षेत्र में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखे और राष्ट्रीय हितों की रक्षा करे।
उन्होंने कहा कि भारतीय नौसेना इस क्षेत्र में प्रवेश करने वाले प्रत्येक जहाज पर नजर रखती है। यह जहाज चीन का हो, किसी अन्य देश की नौसेना का हो या फिर किसी व्यावसायिक समुद्री बेड़े का हिस्सा हो। समुद्री क्षेत्र में आने वाले हर जहाज की गतिविधियों का रिकॉर्ड और निगरानी भारतीय नौसेना की जिम्मेदारी है।
वहीं नौसेना प्रमुख ने कहा कि पिछले चार दशकों में नौसेना की क्षमताओं में तेजी से बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि नौसेना आज के युद्धों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए भी लगातार अपनी तैयारियों को मजबूत कर रही है।
समाचार एजेंसी ANI से बात करते हुए एडमिरल स्वामीनाथन ने कहा कि अब युद्ध केवल जमीन, समुद्र और हवा तक सीमित नहीं रह गया है। भारतीय सैन्य रणनीति में साइबर, अंतरिक्ष और कॉग्निटिव डोमेन (मानसिक एवं सूचना आधारित क्षेत्र) को भी युद्ध के महत्वपूर्ण आयामों के रूप में शामिल किया गया है।
इसके अलावा इलेक्ट्रोमैग्नेटिक डोमेन भी आधुनिक युद्ध का अहम हिस्सा बनता जा रहा है। तकनीक के विस्तार ने युद्ध के मैदान को बहुआयामी बना दिया है। इसके चलते संघर्षों की जटिलता और उनकी गति दोनों बढ़ गई हैं।