16 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बंगाल में रतन शेख एनकाउंटर की CID करेगी जांच, दिलीप घोष बोले- पुलिस पर गोली चलाने वालों को बख्शेंगे नहीं

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए रतन शेख के मामले की जांच अब अपराध जांच विभाग (CID) करेगा। पश्चिम बंगाल पुलिस ने मामले की जांच CID को सौंप दी है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

कोलकाता

•

image

kamlesh sharma

•

Updated: 16 Nov 2026, 4:19 PM IST

Ratan Sheikh encounter

Ratan Sheikh encounter (Photo source: IANS)

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए रतन शेख के मामले की जांच अब अपराध जांच विभाग (CID) करेगा। पश्चिम बंगाल पुलिस ने मामले की जांच CID को सौंप दी है। रविवार दोपहर पुलिस के साथ मुठभेड़ में रतन शेख की मौत हो गई थी। मामले की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जरूरी नमूने व साक्ष्य जुटाए। मंगलवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में रतन के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर CID जांच को आगे बढ़ाएगी। वहीं, फोरेंसिक टीम घटनास्थल से मिले साक्ष्यों की जांच कर मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम की पड़ताल करेगी।

आरोपी का एनकाउंटर आत्मरक्षा में और कानून के अनुसार: एसपी

पुलिस अधीक्षक (एसपी) बिदित राज बुंदेश ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, यह एनकाउंटर कानून के दायरे में रहकर और आत्मरक्षा के लिए किया गया। आरोपी रतन के खिलाफ कई मामले दर्ज थे। उसे पहले भी कई बार गिरफ्तार किया जा चुका था। 13 नवंबर को जब उसने कांस्टेबल विश्वजीत दास पर गोली चलाई और फरार हो गया, तो उसके साथ एक और व्यक्ति भी भाग निकला था।

इस दूसरे व्यक्ति का नाम रमेश लोहार है, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी बुंदेश ने बताया कि रतन शेख के एनकाउंटर की जांच शुरू कर दी गई है और इसके लिए एक फोरेंसिक टीम को तैनात किया गया है। सीआईडी पूरे मामले की जांच करेगी, जबकि फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाएगी। मुठभेड़ की जांच का जिम्मा सीआईडी को सौंपे जाने की तैयारी है।

दिलीप घोष बोले- पुलिस पर गोली चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा

मंत्री दिलीप घोष ने पुलिस मुठभेड़ को उचित ठहराया है। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि पुलिस पर गोली चलाने वाले असामाजिक तत्वों का ऐसा अंजाम होना तय है। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई और आरोपी मारा गया। घोष ने कहा कि सरकार का रुख स्पष्ट है, पुलिस पर हमला करने और उस पर गोली चलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री शुवेंदु अधिकारी भी इस बात को स्पष्ट कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि अब असामाजिक तत्वों को सावधान रहने की जरूरत है।

न्यायिक व्यवस्था पर भरोसे से जुड़ा सवाल भी उठा

जब दिलीप घोष से पूछा गया कि क्या इस तरह की मुठभेड़ देश की न्यायिक व्यवस्था और मुकदमों के जरिए न्याय मिलने की प्रक्रिया पर अविश्वास को दर्शाती है, तो उन्होंने सवाल को अलग दिशा में रखते हुए कहा कि यदि कोई अपराधी पुलिस पर गोली चलाता है तो पुलिस क्या करे? क्या पुलिसकर्मी अपराधियों की गोलियां खाते रहें और जवाबी कार्रवाई भी न करें?