
Bihar Assembly Elections: बिहार में चुनावी सरगर्मी तेज है। सीएम नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) पूरे दमखम से सभाओं को संबोधित कर रहे हैं। आज बेगूसराय के चेरिया बरियारपुर में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने मंच से जदयू के प्रत्याशी अभिषेक आनंद, बछवाड़ा से भाजपा के प्रत्याशी सुरेंद्र मेहता और बखरी से लोजपा (रा.) के प्रत्याशी संजय पासवान के लिए वोट मांगे। रैली को संबोधित करते हुए सीएम नीतीश ने कहा कि पहले वाली स्थिति में बहुत बुरा हाल था। लोग शाम के बाद घर से बाहर नहीं निकलते थे। अब बच्चा, लड़का, लड़की आराम से घूमते हैं। हम भी अपने इलाके में जाते थे तो देखते थे सब बंद रहता था।
उन्होंने लालू-राबड़ी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले फालतू सरकार थी। हिंदू-मुस्लिम झगड़े होते थे। पढ़ाई की कोई व्यवस्था नहीं थी। सड़के नहीं थी। हमारी सरकार आई तो हमने सभी के हितों के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने कानून का राज स्थापित किया। हम लोगों ने 2006 में ही कब्रिस्तानों की घेराबंदी शुरू करा दी और 2016 में 60 वर्ष से पुराने हिंदू मंदिरों की भी घेराबंदी कराई, ताकि कोई विवाद न हो। चाहे हिंदू हो या मुस्लिम, हमने सबके लिए काम किया।
रोजगार के मुद्दे पर भी नीतीश कुमार ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि हमने 2020 में 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार का वादा किया था। अब 10 लाख नौकरी का काम हो गया है और रोजगार पाने वालों की संख्या भी 40-50 लाख हो गई है। अब हमने तय कर दिया है कि अगले 5 साल में 1 करोड़ युवाओं का (रोजगार सुनिश्चित) किया जाएगा।
नीतीश कुमार ने महिला सशक्तिकरण के कामों को गिनाते हुए कहा कि 2006 में पंचायती राज में 50% आरक्षण, 2013 में पुलिस में 35% और 2016 में सभी सरकारी नौकरियों में 35% आरक्षण महिलाओं को दिया गया। उन्होंने कहा कि आज बिहार पुलिस में महिलाओं की संख्या देश में सबसे ज्यादा है। 2006 में विश्व बैंक से कर्ज लेकर 'जीविका' समूह की शुरुआत की, जिनकी संख्या आज 1 करोड़ 40 लाख हो गई है।