Congress Worker Died: असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन बोरा ने कार्यकर्ता की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की क्रूर हत्या है। पुलिस द्वारा दागे गए आंसू गैस से एक कार्यकर्ता मृदुल इस्लाम की मौत हो गई।
Asam Congress Protest: असम में कांग्रेस पार्टी के अडानी के विरोध में प्रदर्शन कर रहे एक कार्यकर्ता की मौत हो गई। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को प्रदर्शन (Asam Congress Protest) का आह्वान किया था। कार्यकर्ता जब राजभवन की ओर आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे तो सुरक्षाबलों ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता और सुरक्षा बल आमने-सामने हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े, जिसके कारण यह घटना घटी।
असम कांग्रेस ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कार्यकर्ता की मौत पर दुख जताया है। असम कांग्रेस ने लिखा हम अधिवक्ता मृदुल इस्लाम की दुखद मृत्यु से बहुत दुखी हैं, जिन्होंने गुवाहाटी में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन - 'राजभवन चलो' के दौरान अपने प्राणों की आहुति दे दी। न्याय और लोकतंत्र के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। इस कठिन समय में उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले।
असम कांग्रेस प्रमुख भूपेन बोरा ने कार्यकर्ता की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की क्रूर हत्या है। पुलिस द्वारा दागे गए आंसू गैस से एक कार्यकर्ता मृदुल इस्लाम की मौत हो गई। उन्होंने आगे कहा कि मेरी अगुवाई में अडानी द्वारा की गई अभूतपूर्व लूट के विरोध में आज 10 हजार से अधिक प्रदर्शनकारी राजभवन गुवाहाटी के आसपास एकत्र हुए थे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता देवव्रत सैकिया, भूपेन बोरा, रिपुन बोरा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कई प्रदर्शनकारियों को कथित तौर पर बसों में भरकर एक अज्ञात पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पुलिस की कार्रवाई पर कांग्रेस नेता भूपेन बोरा ने निंदा की है। उन्होंने इसे पुलिस की दादागिरी का खुला प्रदर्शन भी बताया।