
कज़िन मैरिज (Cousin Marriage) यानी चचेरे-ममेरे-मौसेरे भाई-बहनों के बीच शादियाँ यूं तो भारत में गैर-कानूनी नहीं हैं, लेकिन अब ये सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) के रडार पर है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार से कहा है कि देश में कज़िन मैरिज के विषय में कानून बनाने या लोगों के बीच इस मुद्दे पर जागरूकता बढ़ाने के बारे में विचार करना चाहिए।
20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट ने करीबी रिश्तेदारों के बीच होने वाली शादियों से जुड़ी एक याचिका पर केंद्र सरकार को एक सीमित नोटिस जारी किया। चीफ जस्टिस सूर्य कांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने केंद्र सरकार से यह विचार करने को कहा कि क्या इसके लिए किसी कानून की ज़रूरत है या फिर व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाने की ज़रूरत है। कोर्ट ने कहा कि कानून में कोई भी बदलाव करना विधायिका का काम है।
हिंदू विवाह अधिनियम, 1955, कुछ करीबी रिश्तेदारों (जिनमें चचेरे-ममेरे भाई-बहन भी शामिल हैं) के बीच विवाह पर रोक लगाता है, जब तक कि दोनों पक्षों में प्रचलित कोई रीति-रिवाज़ या परंपरा ऐसे विवाह की अनुमति न देती हो। विशेष विवाह अधिनियम, 1954 में भी कुछ ऐसे रिश्तों की सूची दी गई है जिनमें विवाह वर्जित है, लेकिन इसमें एक अपवाद है कि अगर दोनों में से किसी भी पक्ष में प्रचलित कोई मान्य रीति-रिवाज़ ऐसे विवाह की अनुमति देता हो।
देश में रिश्तेदारों के बीच शादी के मामलों के आंकड़ों पर गौर किया जाए, तो 2019-21 के दौरान इसका आंकड़ा 14.3% था, जो 2019-21 के दौरान घटकर 10.8% रह गया।
2019-21 के राष्ट्रीय स्वास्थ्य सर्वेक्षण के अनुसार भारत में शादीशुदा महिलाओं में से लगभग 10 में से 1 महिला ने बताया कि उन्होंने अपने ही किसी करीबी रिश्तेदार से शादी की है। 2019-21 के आंकड़ों के अनुसार ऐसी महिलाएं जिन्होंने अपने करीबी रिश्तेदारों से शादी की, ऐसे टॉप 5 राज्य दक्षिण से हैं। तमिलनाडु में 27.9%, कर्नाटक में 26.6%, आंध्र प्रदेश में 26.4%, पुडुचेरी में 19.2% और तेलंगाना में यह आंकड़ा 18.2% है। 1992-93 के दौरान पिता की तरफ के फर्स्ट कज़िन से शादी के मामले 5.5% थे, जो 2019-21 के दौरान 4% रह गए। 1992-93 के दौरान माता की तरफ के फर्स्ट कज़िन से शादी के मामले 4.6% थे, जो 2019-21 के दौरान 4% रह गए। 1992-93 के दौरान सेकंड कज़िन से शादी के मामले 0.9% थे, जो 2019-21 के दौरान 0.6% रह गए। 1992-93 के दौरान अंकल (रिश्ते में चाचा/मामा) से शादी के मामले 0.9% थे, जो 2019-21 के दौरान 0.3% रह गए। 1992-93 के दौरान अन्य करीबी रिश्तेदारों से शादी के मामले 2.4% थे, जो 2019-21 के दौरान 1.9% रह गए। इन आंकड़ों का स्त्रोत NFHS-1 और NFHS-5 है। 1992-93 के आंकड़े healthnutritionindia.in और वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू की प्रकाशित और पूर्णांकित श्रेणियों का योग हैं।
भारत में करीबी रिश्तेदारों के बीच शादी के मामलों में धर्म के आधार पर आंकडों पर गौर किया जाए, तो 1992-93 के दौरान मुस्लिमों में इसके मामले 26.8% थे, जो 2019-21 के दौरान 15.8% रह गए। 1992-93 के दौरान बौद्ध/नवबौद्ध में इसके मामले 19.4% थे, जो 2019-21 के दौरान 14.5% रह गए। 1992-93 के दौरान ईसाइयों में इसके मामले 12,9% थे, जो 2019-21 के दौरान 11.9% रह गए। 1992-93 के दौरान हिंदुओं में इसके मामले 12.9% थे, जो 2019-21 के दौरान 10.1% ही रह गए। यानी हर 10 में से 1 हिंदू महिला ने रिश्तेदार से शादी की। 1992-93 के दौरान जैनियों में इसके मामले 5.5% थे, जो 2019-21 के दौरान 6.9% हो गए। 1992-93 के दौरान सिखों में इसके मामले 2.4% थे, जो 2019-21 के दौरान 4.8% हो गए। 1992-93 के दौरान अन्य धर्मों में इसके मामले 11.1% थे, जो 2019-21 के दौरान 7.2% रह गए। इन आंकड़ों का स्त्रोत NFHS-1 और NFHS-5 है। 1992-93 के आंकड़े healthnutritionindia.in और वर्ल्ड पॉपुलेशन रिव्यू की प्रकाशित और पूर्णांकित श्रेणियों का योग हैं।
चचेरे-ममेरे भाई-बहनों के दादा-दादी या नाना-नानी एक ही होते हैं, इसलिए उनमें बीमारी पैदा करने वाले एक जैसे जीन वेरिएंट होने की संभावना ज़्यादा होती है। अगर माता-पिता दोनों में किसी एक ही 'रिसेसिव डिसऑर्डर' (आनुवंशिक विकार) का वेरिएंट मौजूद हो, तो हर गर्भावस्था में 25% संभावना होती है कि बच्चे को वो बीमारी हो; 50% संभावना होती है कि बच्चा उस बीमारी का वाहक (कैरियर) हो, यानी उसमें बीमारी के लक्षण न दिखें, लेकिन वो जीन मौजूद हो और 25% संभावना होती है कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ हो और उसमें वो वेरिएंट न हो। कुल जोखिम काफी कम होता है। ब्रिटिश सोसाइटी फॉर जेनेटिक मेडिसिन के अनुसार चचेरे-ममेरे भाई-बहनों के बीच शादी होने पर बच्चे में कोई आनुवंशिक स्थिति या जन्मजात दोष होने की संभावना 4-6% होती है, जबकि आपस में कोई संबंध न रखने वाले माता-पिता के मामले में यह संभावना 2-3% होती है। 'रिसेसिव' स्थितियों में बीटा-थैलेसीमिया और आनुवांशिक कारणों से होने वाली सुनने या देखने की क्षमता का नुकसान शामिल है।
जेनेटिक काउंसलिंग की शुरुआत फैमिली हिस्ट्री से होती है। कैरियर स्क्रीनिंग से यह पता लगाने में मदद मिल सकती है कि क्या दोनों पार्टनर में एक ही तरह की आनुवांशिक बीमारी के वेरिएंट मौजूद हैं। अगर किसी बीमारी का कारण बनने वाला वेरिएंट पता हो, तो प्रीनेटल टेस्टिंग (जन्म से पहले की जांच) के ज़रिए उसकी पहचान की जा सकती है। हालांकि इसमें खर्च एक बड़ी बाधा है।